Gopalganj News : गोपालगंज जिले के सरकारी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की दिशा में रविवार को नई शुरुआत हुई. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ऑनलाइन माध्यम से जिले के 14 प्रखंडों में विकसित सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) सहित राज्य के सभी आदर्श विद्यालयों का शुभारंभ किया. इसके साथ ही चयनित विद्यालयों में आधुनिक शैक्षणिक व्यवस्था लागू हो गई. अब विद्यार्थियों को बेहतर आधारभूत सुविधाओं और अत्याधुनिक संसाधनों के बीच शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा.
14 प्रखंडों के विद्यालय बने आदर्श विद्यालय
जिले के कटेया, विजयीपुर, फुलवरिया, पंचदेवरी, उचकागांव, मांझा, बरौली, सिधवलिया, बैकुंठपुर, गोपालगंज, हथुआ, थावे, भोरे और कुचायकोट प्रखंड के चयनित विद्यालयों को सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) के रूप में विकसित किया गया है. सभी विद्यालयों में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया. इस दौरान जनप्रतिनिधि, शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.
उद्घाटन से पहले पूरी कराई गई तैयारियां
शुभारंभ से पहले जिला प्रशासन ने सभी विद्यालयों में साफ-सफाई, रंगाई-पुताई, पेयजल, बिजली, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, फर्नीचर, कंप्यूटर, इंटरनेट तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित कराई. विद्यालय परिसरों से जलजमाव, झाड़ियों और मलबे की सफाई कराई गई तथा नामपट्ट और दिशासूचक बोर्ड लगाए गए. कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए मंच, ध्वनि विस्तारक यंत्र, बैठने की व्यवस्था, एलईडी स्क्रीन और ऑनलाइन प्रसारण की भी समुचित व्यवस्था की गई.
अधिकारियों की निगरानी में सफल रहा कार्यक्रम
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने सभी 14 प्रखंडों में वरीय अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की थी. अधिकारियों ने लगातार विद्यालयों का निरीक्षण कर तैयारियों की निगरानी की. विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की गई. बीएसईआईडीसी, समग्र शिक्षा, जिला सूचना विज्ञान केंद्र तथा अन्य संबंधित विभागों ने भी अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन किया.
सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता को मिलेगी नई मजबूती
जिला प्रशासन के अनुसार सरस्वती विद्या निकेतन के संचालन से सरकारी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता को नई मजबूती मिलेगी. आधुनिक संसाधनों से लैस इन विद्यालयों में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा, जिससे उनकी पढ़ाई अधिक प्रभावी होगी और सरकारी विद्यालयों के प्रति लोगों का विश्वास भी बढ़ेगा.
भोरे के श्री शंकर उच्च विद्यालय में हुआ भव्य शुभारंभ
भोरे प्रखंड के श्री शंकर उच्च विद्यालय-सह-इंटर कॉलेज में भी रविवार को भव्य समारोह के बीच सरस्वती विद्या निकेतन आदर्श विद्यालय का शुभारंभ किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया. इस अवसर पर मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया, जिसे सुनने के लिए बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे.
बेहतर संसाधनों से विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ
कार्यक्रम की शुरुआत में विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका अंकिता पांडेय ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय की उपलब्धियों की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि आदर्श विद्यालय के रूप में चयनित होने से अब यहां के छात्र-छात्राओं को बेहतर आधारभूत ढांचा और अत्याधुनिक सुविधाएं मिलेंगी, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा.
