गोपालगंज में सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में मरीज को लेकर हंगामा, जीएनएम और युवक के बीच हुआ विवाद

Gopalganj News : गोपालगंज सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक मरीज को लेकर पहुंचे युवक और ड्यूटी पर तैनात जीएनएम के बीच तीखा विवाद हो गया। इस हंगामे के कारण कुछ समय के लिए इमरजेंसी सेवा प्रभावित हुई।

Gopalganj News : गोपालगंज सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में बुधवार की रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक मरीज को लेकर पहुंचे युवक और ड्यूटी पर तैनात जीएनएम के बीच तीखा विवाद हो गया. देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि युवक ने अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया, जिससे मरीजों और उनके परिजनों में दहशत फैल गई.

इंजेक्शन लगाने को लेकर युवक ने लगाया लापरवाही का आरोप

जानकारी के अनुसार, युवक अपने परिजन को गंभीर अवस्था में इलाज के लिए इमरजेंसी वार्ड लेकर पहुंचा था. इसी दौरान जब जीएनएम मरीज को इंजेक्शन लगा रही थीं, तब युवक ने उन पर सही तरीके से इंजेक्शन नहीं लगाने और लापरवाही बरतने का आरोप लगाया. जीएनएम ने स्थिति स्पष्ट करने का प्रयास किया, लेकिन युवक शांत नहीं हुआ और जोर-जोर से विरोध करने लगा.

कुछ देर के लिए प्रभावित हुई इमरजेंसी सेवा

हंगामे के कारण कुछ समय के लिए इमरजेंसी वार्ड की व्यवस्था प्रभावित रही. शोर-शराबा सुनकर वार्ड में मौजूद मरीजों, उनके परिजनों और अन्य लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

सुरक्षाकर्मियों ने संभाला मामला

घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल के सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर युवक को शांत कराया. काफी मशक्कत के बाद स्थिति पर नियंत्रण पाया गया, जिसके बाद अस्पताल की व्यवस्था सामान्य हुई.

अस्पताल प्रबंधन और सिविल सर्जन ने क्या कहा

अस्पताल प्रबंधक ने कहा कि स्वास्थ्यकर्मी पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपनी सेवाएं दे रहे हैं. ऐसे माहौल में हंगामा करना उचित नहीं है. उन्होंने बताया कि फिलहाल मरीज का इलाज जारी है और स्थिति सामान्य है. वहीं, सदर अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. इसरायल ने कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है. यदि जांच में किसी स्वास्थ्यकर्मी की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित कर्मी के विरुद्ध नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी.

Also Read : विधानसभा में गूंजा बड़हरिया की जर्जर सड़कों का मुद्दा, विधायक इंद्रदेव सिंह पटेल ने की निर्माण की मांग



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Manish Raj

Published by: Yuvraj Ratan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >