Sabeya Airfield: हथुआ अनुमंडल स्थित सबेया एयरफील्ड के शीघ्र परिचालन को लेकर गोपालगंज के जेडीयू सांसद डॉ. आलोक कुमार सुमन ने बिहार सरकार के नागरिक उड्डयन निदेशालय के सचिव से व्यक्तिगत मुलाकात की है. उन्होंने एयरफील्ड को क्षेत्रीय संपर्क योजना के अंतर्गत चालू करने के लिए आवश्यक प्रशासनिक एवं नीतिगत पहल करने का आग्रह किया.
473 एकड़ भूमि की पिलरिंग और फेंसिंग पूरी
डॉ. सुमन ने कहा कि रक्षा मंत्रालय से एनओसी मिलने के बाद लगभग 300 एकड़ क्षेत्र का सीमांकन कराया गया है. रक्षा संपदा निदेशालय द्वारा स्वीकृत राशि से 473 एकड़ भूमि की पिलरिंग और फेंसिंग का काम पूरा हो चुका है.
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण ने सर्वेक्षण के दौरान दो किलोमीटर से अधिक लंबे रनवे का निरीक्षण किया था. इसकी रिपोर्ट सरकार को भेजी जा चुकी है. बिहार सरकार ने भी 9 जून 2025 को भारत सरकार को एयरफील्ड के परिचालन के लिए प्रस्ताव भेजा था.
एयरलाइन कंपनियों की भागीदारी सुनिश्चित करने की मांग
सांसद ने चिंता जताई कि उड़ान योजना के तहत बोली प्रक्रिया के कई चरण पूरे होने के बावजूद अब तक किसी एयरलाइन की ओर से परिचालन का प्रस्ताव प्राप्त नहीं हुआ है. उन्होंने इस स्थिति की समीक्षा करने और एयरलाइन कंपनियों की भागीदारी सुनिश्चित करने का अनुरोध किया.
डॉ. सुमन ने कहा कि सबेया एयरफील्ड का परिचालन शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को हवाई कनेक्टिविटी की बेहतर सुविधा मिलेगी. गोपालगंज, सीवान और आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में लोग खाड़ी देशों में कार्यरत हैं. एयरफील्ड के शुरू होने से ऐसे लोगों के साथ-साथ उनके परिवारों को भी आवागमन में सुविधा मिल सकती है.
कई जिलों के लोगों को मिलेगा सीधा लाभ
सांसद के अनुसार, सबेया एयरफील्ड के परिचालन से गोपालगंज, सीवान, सारण, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण और उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले की जनता को सीधा लाभ मिलेगा.
नेपाल सीमा के निकट होने के कारण सबेया एयरफील्ड का रणनीतिक महत्व भी है. इसके अलावा प्रसिद्ध मां थावे मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को हवाई सुविधा मिलने से धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.
समयबद्ध कार्ययोजना बनाने का अनुरोध
मुलाकात के दौरान सांसद ने अब तक हुई कार्रवाई, वर्तमान स्थिति और आगे की समयबद्ध कार्ययोजना की समीक्षा करने का अनुरोध किया. उन्होंने संबंधित विभागों, रक्षा प्राधिकरणों और एयरलाइन कंपनियों के साथ समन्वय बनाकर ठोस कदम उठाने की मांग की.
डॉ. सुमन ने कहा कि सबेया एयरफील्ड का परिचालन क्षेत्र के आर्थिक विकास, रोजगार और बेहतर कनेक्टिविटी से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम है. इसके शुरू होने से गोपालगंज समेत आसपास के कई जिलों के लोगों को आवागमन की सुविधा मिलने के साथ क्षेत्र के विकास को भी गति मिल सकती है.
Also Read: एग्जीक्यूटिव इंजीनियर के 4 ठिकानों पर SVU की रेड, बिहार के तीन जिलों में कागजात खंगाल रही टीम
