Protest Against Obscene Song: गामाला पूजा के दौरान फरमाइशी अश्लील गीत बजाने का विरोध करना एक किशोर को भारी पड़ गया. फुलवरिया थाना क्षेत्र के कोयलादेवा गांव में विवाद के बाद कुछ युवकों ने एक किशोर को मारपीट कर घायल कर दिया. जख्मी किशोर की पहचान कोयलादेवा निवासी नंदलाल चौहान के पुत्र अर्जुन कुमार के रूप में हुई है.
गंभीर हालत में किया गया रेफर
घटना के बाद परिजनों ने अर्जुन को तत्काल सीएचसी फुलवरिया में भर्ती कराया. प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया.
अश्लील गीत बजाने का विरोध करने पर हुआ विवाद
जख्मी किशोर के पिता नंदलाल चौहान ने मंगलवार शाम फुलवरिया थाने में लिखित आवेदन दिया. आवेदन के अनुसार, सोमवार को गांव में सार्वजनिक गामाला पूजा का आयोजन चल रहा था. इसी दौरान गांव के करीब आधा दर्जन युवक अश्लील गीत बजाने का दबाव बना रहे थे. अर्जुन ने इसका विरोध किया, जिसके बाद आरोपित गाली-गलौज करने लगे और मारपीट करते हुए उसे घायल कर दिया.
समझौते के प्रयास के दौरान धमकी देने का आरोप
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि मंगलवार को पीड़ित पक्ष आरोपितों के पास आपसी बातचीत के माध्यम से विवाद सुलझाने पहुंचा था. इसी दौरान आरोपित उग्र हो गये और पूरे परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देने लगे.
पुलिस कर रही मामले की जांच
फुलवरिया थानाध्यक्ष कुंदन कुमार ने बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से लिखित शिकायत मिली है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. जांच में मिले तथ्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
