Gopalganj News: मेरा युवा भारत’ के नेतृत्व में रविवार को कमला राय कॉलेज परिसर में आयोजित ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत-संकल्प अभियान’ में सैकड़ों युवाओं ने नशे से दूर रहने और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया. कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रव्यापी संबोधन का लाइव प्रसारण भी दिखाया गया, जिसे युवाओं ने उत्साह के साथ सुना.
युवा शक्ति ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत : डीएम
मुख्य अतिथि जिलाधिकारी समीर सौरभ ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब देश का युवा वर्ग नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर अपनी ऊर्जा शिक्षा, नवाचार, खेल और राष्ट्र निर्माण में लगाएगा. उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज बनाने में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है.
नशा व्यक्ति ही नहीं, पूरे समाज को कमजोर करता है
मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधीक्षक अमृतेश कुमार ने कहा कि नशे की लत व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है. उन्होंने युवाओं से नशामुक्ति का संदेश घर-घर तक पहुंचाने और जनजागरूकता अभियान से जुड़ने की अपील की.
कॉलेज बने सामाजिक चेतना के केंद्र
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एच.के. पांडेय ने कहा कि उच्च शिक्षण संस्थान केवल शिक्षा देने के केंद्र नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता और संस्कार निर्माण के भी प्रमुख केंद्र हैं. उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों का भी निर्वहन करने का आह्वान किया.
'मेरा युवा भारत' के बैनर तले हुआ आयोजन
कार्यक्रम का आयोजन मेरा युवा भारत, गोपालगंज के बैनर तले किया गया. इसकी व्यवस्था एवं समन्वय राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक अनिश कुमार, राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम पदाधिकारी प्रो. अंजली श्रीवास्तव और डॉ. संदीप कुमार ने किया. आयोजन को सफल बनाने में स्वयंसेवकों आदित्य तिवारी, नवीन सोलंकी, रोहित जायसवाल और सूरज कुमार चंदन की अहम भूमिका रही.
समापन पर निहाल पटेल, विकी कुशवाहा, तेजस्वी कुशवाहा, संध्या कुमारी, शाहिल राज सहित सैकड़ों युवाओं ने नशामुक्त समाज के निर्माण और विकसित भारत के लक्ष्य को जन-जन तक पहुंचाने का सामूहिक संकल्प लिया.
इसे भी पढ़ें: ड्राइवर ही निकला डेहरी EO का कातिल, IG विकास वैभव ने हत्याकांड का किया खुलासा
