Supply Officer Protest: बिहार आपूर्ति सेवा संघ के आह्वान पर अपनी पांच सूत्री मांगों को लेकर आपूर्ति पदाधिकारियों का सांकेतिक आंदोलन जारी है. आंदोलन के प्रथम चरण में अधिकारी कार्यालयों में काला बिल्ला लगाकर काम करते हुए अपना विरोध दर्ज करा रहे हैं. इसी क्रम में फुलवरिया प्रखंड आपूर्ति कार्यालय में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी श्रीनिवास शर्मा ने काला बिल्ला लगाकर विभागीय कार्यों का निष्पादन किया.
राशन कार्ड से जुड़े काम सामान्य रूप से हुए
विरोध के बावजूद आम लोगों और जन वितरण प्रणाली के दुकानदारों के कामकाज पर आंदोलन का कोई असर नहीं पड़ा. कार्यालय में राशन कार्ड से संबंधित आवेदनों का निष्पादन सामान्य रूप से होता रहा. एमओ ने दूर-दराज से पहुंचे पीडीएस दुकानदारों की समस्याएं भी सुनीं और उनके त्वरित समाधान का आश्वासन दिया. इससे आम लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं हुई.
पांच सूत्री मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन
आपूर्ति सेवा संघ ने अपनी लंबित मांगों के समर्थन में चरणबद्ध आंदोलन की रणनीति बनायी है. संघ की प्रमुख मांगों में आपूर्ति कार्यालयों के लिए पर्याप्त संसाधन और अलग बजट का आवंटन, वेतनमान की विसंगतियों को दूर करना, प्रखंड स्तर पर अधिकारियों के आवागमन के लिए सरकारी वाहन उपलब्ध कराना, संवर्ग का पुनर्गठन तथा लंबे समय से लंबित प्रोन्नति प्रक्रिया को जल्द पूरा करना शामिल है.
मांगें नहीं मानी गयीं तो आंदोलन तेज करने की चेतावनी
आपूर्ति पदाधिकारियों का कहना है कि उनकी मांगें लंबे समय से लंबित हैं. यदि सरकार उनकी जायज मांगों पर जल्द सकारात्मक पहल नहीं करती है, तो संघ की बैठक में आंदोलन के अगले चरण की रणनीति तय की जाएगी. इसके बाद संघ की ओर से कड़े आंदोलन की घोषणा की जा सकती है.
इसे भी पढ़ें:भोजपुर के नए SP अवधेश दीक्षित क्यों हैं चर्चा में? जानिए IPS काम्या मिश्रा से उनकी खास प्रेम कहानी
