Sawan Somwari: पवित्र सावन माह की अंतिम सोमवारी पर पूरे प्रखंड क्षेत्र में शिवभक्ति का उल्लास चरम पर रहा. तड़के से ही विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी. हर-हर महादेव, ओम नम: शिवाय और बोल बम के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा.
फुलवरिया गांव स्थित प्राचीन शिव मंदिर, माड़ीपुर के ऐतिहासिक सेमरही मंदिर, सिरोही, बथुआ बाजार, राधागंज, मिश्र बतरहां, बंसी बतरहां, कोयलादेवा, दीवान परसा, मांझा गोसाई, जीन बाजार और पकड़ी श्रीकांत के प्रमुख शिवालयों को आकर्षक ढंग से सजाया गया. फूलों, रंग-बिरंगी रोशनी और ध्वज-पताकाओं से सजे मंदिरों की छटा देखते ही बन रही थी.
जलाभिषेक और रुद्राभिषेक के लिए उमड़ी भीड़
अंतिम सोमवारी के महत्व को देखते हुए श्रद्धालुओं ने मंदिरों में जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक और रुद्राभिषेक किया. व्रतधारी महिला और पुरुषों ने शिवलिंग पर जल, दूध, बेलपत्र, भांग, धतूरा और अक्षत अर्पित कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की.
कई शिवालयों में महामृत्युंजय मंत्र का जाप भी किया गया. सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही. श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर परिवार की खुशहाली की प्रार्थना की.
सुरक्षा और सुविधा के रहे इंतजाम
श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिर समितियों की ओर से बैरिकेडिंग और साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था की गयी थी. स्थानीय युवाओं और स्वयंसेवकों की टीमें श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा में जुटी रहीं.
जगह-जगह महाप्रसाद और जलपान के स्टॉल भी लगाए गए. मंदिरों में सुबह से देर शाम तक पूजा-अर्चना का सिलसिला जारी रहा. अंतिम सोमवारी को लेकर पूरे प्रखंड क्षेत्र में दिनभर भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा.
इसे भी पढ़ें: उपेंद्र कुशवाहा का आया बयान, तेजस्वी भी समर्थन में; पटना के आंदोलनकारी छात्र सड़क पर उतरने को तैयार
