Gopalganj News : पंचदेवरी राज्य सरकार की सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लाभुकों के सामने इस बार नई परेशानी खड़ी हो गई है. विभागीय रिकॉर्ड में पेंशन की राशि भेजे जाने की पुष्टि हो रही है, लेकिन बड़ी संख्या में लाभुकों के बैंक खातों में अब तक राशि नहीं पहुंची है. इससे बुजुर्ग, विधवा और दिव्यांग लाभुकों को प्रखंड कार्यालय और बैंक के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं.
5487 लाभुकों में करीब 30 प्रतिशत को नहीं मिली राशि
पंचदेवरी प्रखंड में विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के कुल 5487 लाभुक हैं. विभागीय लॉगिन में सभी लाभुकों के लिए पेंशन भुगतान सफलतापूर्वक भेजे जाने की जानकारी दर्ज है. इसके बावजूद प्रखंड कार्यालय पहुंच रही शिकायतों के अनुसार करीब 30 प्रतिशत लाभुकों के बैंक खातों में अब तक राशि जमा नहीं हुई है.
जांच में दस्तावेज मिले अपडेट, फिर भी नहीं पहुंची पेंशन
शनिवार को फतु छापर गांव की कलावती देवी, सेमरिया के दलसिंगार और सिकटिया सुजान के राजेंद्र गुप्ता सहित कई लाभुक आवश्यक दस्तावेज लेकर प्रखंड कार्यालय पहुंचे. कार्यपालक सहायक पिंटू कुमार ने विभागीय लॉगिन की जांच की, जिसमें सभी संबंधित लाभुकों के नाम पर पेंशन भुगतान सफलतापूर्वक भेजा जाना दर्ज मिला. हालांकि लाभुकों ने बताया कि उनके बैंक खातों में अब तक एक भी रुपये की राशि जमा नहीं हुई है.
बैंक और विभाग के बीच फंसे लाभुक
लाभुकों का कहना है कि बैंक पेंशन की राशि नहीं आने की बात कह रहा है, जबकि विभाग का दावा है कि भुगतान भेज दिया गया है. सभी आवश्यक दस्तावेज पहले से अपडेट होने के बावजूद राशि नहीं मिलने से लाभुक असमंजस और परेशानी में हैं. उनका कहना है कि कार्यालय और बैंक के लगातार चक्कर लगाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो रहा है. प्रभावित लाभुकों ने प्रशासन से मामले की शीघ्र जांच कर तकनीकी गड़बड़ी दूर कराने और लंबित पेंशन राशि जल्द उनके खातों में भेजने की मांग की है.
क्या कहते हैं बीडीओ
पंचदेवरी के बीडीओ आयुष राज आलोक ने कहा कि लाभुकों से जो शिकायतें मिल रही हैं, उनकी जांच कराई जा रही है. विभाग निश्चित रूप से समस्या का समाधान करेगा और सभी पात्र लाभुकों को योजना का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा.
