गोपालगंज में ऑपरेशन मुस्कान का असर, 97 मोबाइल बरामद; अब तक 489 लोगों को लौटाए गए फोन

गोपालगंज पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के छठे चरण में 97 चोरी और गुम हुए मोबाइल बरामद किए। अब तक कुल 489 मोबाइल फोन उनके असली मालिकों को लौटाए जा चुके हैं।

Gopalganj News : गोपालगंज जिले में गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाये जा रहे ऑपरेशन मुस्कान के छठे चरण में पुलिस ने 97 मोबाइल फोन बरामद किये हैं. शनिवार को पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी और संबंधित थानाध्यक्षों ने सत्यापन के बाद बरामद मोबाइल उनके वास्तविक धारकों को सौंप दिये. लंबे समय बाद मोबाइल वापस मिलने पर धारकों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली.

सीईआईआर पोर्टल से पुलिस ने खोज निकाले मोबाइल

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिला स्तरीय मोबाइल रिकवरी टीम और संबंधित थानों की संयुक्त टीम ने तकनीकी अनुसंधान के साथ सीईआईआर पोर्टल की मदद ली. इसके माध्यम से गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की लोकेशन और उनके उपयोग से जुड़ी जानकारी जुटायी गयी. इसके आधार पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से 97 मोबाइल फोन बरामद किये गये.

नगर थाना से सबसे ज्यादा 31 मोबाइल बरामद

थानावार बरामदगी में नगर थाना से सबसे अधिक 31 मोबाइल फोन बरामद किये गये. इसके बाद बरौली से 23, कुचायकोट से 8, मांझा से 6 और हथुआ से 5 मोबाइल बरामद हुए. थावे, महम्मदपुर और विजयीपुर से 4-4, उचकागांव और फुलवरिया से 3-3, यादोपुर और मीरगंज से 2-2 तथा विशंभरपुर और कटेया से 1-1 मोबाइल फोन बरामद किये गये.

पांच चरणों में 392 मोबाइल लौटाये जा चुके हैं

पुलिस के अनुसार, ऑपरेशन मुस्कान के पहले पांच चरणों में 392 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक धारकों को सौंपे जा चुके हैं. इन मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये बतायी गयी है. छठे चरण में बरामद 97 मोबाइल को मिलाकर अब तक कुल 489 गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद किये जा चुके हैं.

मोबाइल वापस मिलते ही खिले चेहरे

मोबाइल फोन वापस मिलने के बाद वास्तविक धारकों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की. पुलिस का कहना है कि गुम और चोरी हुए मोबाइल की बरामदगी के लिए तकनीकी अनुसंधान और सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से अभियान आगे भी जारी रहेगा.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मनीष राज

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >