Gopalganj News : नगर थाना क्षेत्र के बसडिला गांव निवासी आलू-प्याज कारोबारी अंजार अली उर्फ गुड्डू अली ने पैसा दोगुना करने का झांसा देकर करीब ₹3 करोड़ की कथित ठगी किए जाने का आरोप लगाया है. मामले में उन्होंने पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है. साथ ही आरोपितों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई कर अपनी राशि वापस दिलाने की मांग की है.
अधिक मुनाफे का लालच देकर लिया पैसा
पीड़ित अंजार अली ने अपने आवेदन में बताया है कि शहर के पुरानी चौक और हजियापुर क्षेत्र के कुछ युवकों ने कम समय में अधिक मुनाफा और पैसा दोगुना करने का भरोसा दिया था. उनके झांसे में आकर उन्होंने अलग-अलग किस्तों में करीब ₹3 करोड़ दे दिए. काफी समय बीतने के बाद जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपित टालमटोल करने लगे.
पैसा मांगने पर धमकी देने का आरोप
पीड़ित का आरोप है कि लगातार दबाव बनाने पर आरोपितों ने पैसा लौटाने से साफ इनकार कर दिया. इतना ही नहीं, विरोध करने पर उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी गई. इस घटना के बाद पूरा परिवार भय के साये में जी रहा है.
बातचीत से नहीं निकला समाधान
अंजार अली ने बताया कि उन्होंने कई बार आपसी बातचीत के माध्यम से विवाद सुलझाने का प्रयास किया, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला. इसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष जांच कराने, आरोपितों के खिलाफ ठगी और धमकी देने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज करने तथा उनकी मेहनत की कमाई वापस दिलाने की मांग की है.
पुलिस ने जांच शुरू की
इस मामले में पुलिस का कहना है कि आवेदन प्राप्त हो गया है. मामले की जांच की जा रही है. जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
Also Read : 'जल जीवन हरियाली महोत्सव' की शुरुआत, 15 दिनों में 5,000 पौधे लगाने का लक्ष्य
