Gopalganj News: जिले में उच्च शिक्षा के विस्तार की दिशा में बुधवार को ऐतिहासिक पहल हुई. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भागलपुर से आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम के दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के 211 नए राजकीय डिग्री कॉलेजों का एक साथ वर्चुअल उद्घाटन किया. इसके साथ ही गोपालगंज जिले के नौ नवस्थापित राजकीय डिग्री कॉलेजों में भी विधिवत शैक्षणिक सत्र की शुरुआत हो गई.
जिले का मुख्य उद्घाटन समारोह भोरे विधानसभा क्षेत्र के विजयीपुर प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत जगदीशपुर के मथौली स्थित राजकीय डिग्री महाविद्यालय में आयोजित किया गया. कार्यक्रम में बिहार सरकार के ग्रामीण कार्य विभाग के मंत्री सुनील कुमार, जिला पदाधिकारी समीर सौरभ, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षाविद, शिक्षक, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे.
ग्रामीण विद्यार्थियों को घर के पास मिलेगी स्नातक शिक्षा
समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि नए सरकारी डिग्री कॉलेज खुलने से विजयीपुर सहित जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को अब स्नातक की पढ़ाई के लिए दूसरे शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा. स्थानीय स्तर पर उच्च शिक्षा उपलब्ध होने से विद्यार्थियों का समय और खर्च दोनों बचेंगे. इसका सबसे अधिक लाभ आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों और छात्राओं को मिलेगा.
शिक्षा को गांव तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता
ग्रामीण कार्य मंत्री सुनील कुमार ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार आधारभूत ढांचे का विस्तार कर रही है. ग्रामीण क्षेत्रों तक उच्च शिक्षा की सुविधा पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है. उन्होंने विद्यार्थियों से इस अवसर का लाभ उठाकर अपने भविष्य को बेहतर बनाने की अपील की.
शैक्षणिक विकास में मील का पत्थर साबित होंगे कॉलेज
जिला पदाधिकारी समीर सौरभ ने कहा कि जिले के नए राजकीय डिग्री महाविद्यालय उच्च शिक्षा के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होंगे. प्रशासन कॉलेजों के सुचारु संचालन और आवश्यक आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए हरसंभव सहयोग करेगा.
उद्घाटन से पहले पूरी की गई थीं सभी तैयारियां
उच्च शिक्षा विभाग के निर्देश पर जिला प्रशासन ने उद्घाटन से पहले सभी कॉलेजों में आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली थीं. विभाग की चेकलिस्ट के अनुसार आधारभूत सुविधाएं, प्रशासनिक व्यवस्था और वर्चुअल प्रसारण की व्यवस्था सुनिश्चित की गई. प्रत्येक कॉलेज में नोडल पदाधिकारियों की भी तैनाती की गई थी.
उद्घाटन समारोह में प्रभारी मंत्री, प्रभारी सचिव, सांसद, विधायक, विधान पार्षद, विश्वविद्यालय के प्रतिनिधि और अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी विभिन्न कॉलेजों में भाग लिया. नए राजकीय डिग्री कॉलेजों में पठन-पाठन शुरू होने के साथ ही जिले में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक नए दौर की शुरुआत मानी जा रही है.
Also Read: बिहार के कलाकारों की चमकेगी किस्मत, अब मुंबई से ही होंगे बुक, घर बैठे फिल्म में मिलेगा काम
