Gopalganj News : फुलवरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रविवार को निक्षय मित्र योजना के तहत एक प्रेरणादायी पहल देखने को मिली. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा प्रभारी डॉ. राजीव रंजन ने टीबी से पीड़ित दो गंभीर मरीजों को गोद लेकर उनके पोषण और देखभाल की जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया. इस दौरान मरीजों के बीच फूड बास्केट किट का भी वितरण किया गया.
मरीजों को मिला पोषण किट का सहारा
फूड बास्केट किट मिलने के बाद मरीजों के चेहरे पर राहत और खुशी साफ दिखाई दी. स्वास्थ्य केंद्र की इस पहल की उपस्थित लोगों ने सराहना की. कार्यक्रम का उद्देश्य टीबी मरीजों को बेहतर पोषण उपलब्ध कराकर उनके उपचार को अधिक प्रभावी बनाना है.
टीबी के खिलाफ जनभागीदारी जरूरी : डॉ. राजीव रंजन
इस अवसर पर चिकित्सा प्रभारी डॉ. राजीव रंजन ने कहा कि टीबी केवल एक बीमारी नहीं, बल्कि समाज के लिए एक बड़ी चुनौती है. उन्होंने कहा कि टीबी मुक्त पंचायत अभियान को सफल बनाने के लिए केवल सरकारी प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक है.
नियमित दवा और पौष्टिक आहार पर दिया जोर
डॉ. राजीव रंजन ने कहा कि नियमित दवा के साथ संतुलित एवं पौष्टिक आहार ही टीबी को पूरी तरह हराने में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. उन्होंने मरीजों से चिकित्सकीय सलाह का पालन करने, समय पर दवा लेने और पोषक भोजन का सेवन करने की अपील की.
स्वास्थ्यकर्मियों ने बढ़ाया मरीजों का हौसला
कार्यक्रम के दौरान बीसीएम मंजय कुमार सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने भी मरीजों का उत्साहवर्धन किया और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की. स्वास्थ्य विभाग ने निक्षय मित्र योजना के माध्यम से समाज के अधिक से अधिक लोगों से टीबी मरीजों की सहायता के लिए आगे आने का आह्वान किया.
Also Read : श्रीपुर थाना क्षेत्र से युवती रहस्यमय ढंग से लापता, परिजनों ने दर्ज कराई शिकायत
