गोपालगंज: म्यूचुअल ट्रांसफर आवेदन में शिक्षकों को आ रही दिक्कत, DEO ने बताया स्कूल खोजने का सही तरीका

बिहार शिक्षक म्यूचुअल ट्रांसफर में स्कूल नहीं मिलने पर परेशान न हों। विभाग ने UDISE कोड के जरिए स्कूल सर्च करने की सही प्रक्रिया बताई है। पूरी जानकारी यहाँ पढ़ें।

Gopalganj News : बिहार राज्य शिक्षक स्थानांतरण नियमावली-2026 के तहत पारस्परिक (म्यूचुअल) स्थानांतरण के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया जारी है. इस बीच गोपालगंज के कई शिक्षकों ने शिकायत की है कि आवेदन भरते समय सभी उच्च माध्यमिक विद्यालयों के नाम विकल्प सूची में दिखाई नहीं दे रहे हैं. इससे आवेदन प्रक्रिया में परेशानी हो रही है. मामले को लेकर शिक्षा विभाग ने विद्यालय खोजने की सही प्रक्रिया स्पष्ट की है.

पहले जिला, सीआरसी और पंचायत का करें चयन

शिक्षा विभाग के अनुसार, यदि किसी विद्यालय का नाम सीधे विकल्प सूची में नहीं दिख रहा है तो सबसे पहले संबंधित जिला, सीआरसी और पंचायत का चयन करें. इसके बाद जिस विद्यालय में पारस्परिक स्थानांतरण कराना है, उसका यूडीआईएसई (UDISE) कोड निर्धारित स्थान पर दर्ज कर सर्च करें. सही यूडीआईएसई कोड दर्ज करते ही संबंधित विद्यालय का नाम स्क्रीन पर दिखाई देगा और आवेदन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सकेगी.

सही यूडीआईएसई कोड दर्ज करना जरूरी

विभाग ने शिक्षकों को सलाह दी है कि आवेदन करने से पहले संबंधित विद्यालय का सही यूडीआईएसई कोड सुनिश्चित कर लें. गलत कोड दर्ज करने पर विद्यालय का नाम खोज परिणाम में नहीं आएगा. इसलिए आवेदन के दौरान सभी जानकारियां सावधानीपूर्वक भरें और अंतिम सबमिशन से पहले उनका मिलान अवश्य कर लें.

तकनीकी समस्या होने पर बीईओ या डीईओ कार्यालय से करें संपर्क

जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) अमरेंद्र कुमार पांडेय ने कहा कि शिक्षकों को विभाग द्वारा निर्धारित प्रक्रिया का पालन करना चाहिए. यदि सीआरसी, पंचायत और यूडीआईएसई कोड के माध्यम से खोजने के बाद भी विद्यालय का नाम नहीं मिलता है या कोई तकनीकी समस्या आती है, तो संबंधित प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) अथवा जिला शिक्षा कार्यालय से संपर्क कर आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त करें.

जल्दबाजी से बचने की अपील

डीईओ ने कहा कि म्यूचुअल ट्रांसफर की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन है, इसलिए छोटी-सी त्रुटि भी आवेदन को प्रभावित कर सकती है. उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि सभी विवरणों की अच्छी तरह जांच करने के बाद ही आवेदन अंतिम रूप से जमा करें, ताकि बाद में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >