कभी पूरे बिहार में मिसाल थी मीरगंज-समउर सड़क, आज गड्ढों और जलजमाव से बेहाल, स्टेट हाईवे बनाने की उठी मांग

Gopalganj News : यूपी-बिहार को जोड़ने वाली मीरगंज-समउर सड़क कभी अपनी खूबसूरती के लिए जानी जाती थी, लेकिन आज यह बदहाल है। जानिए क्यों लोग इसे स्टेट हाईवे का दर्जा देने की मांग कर रहे हैं।

Gopalganj News : उत्तर प्रदेश और बिहार की सीमा को जोड़ने वाली ऐतिहासिक मीरगंज-समउर मुख्य सड़क आज बदहाल स्थिति में पहुंच चुकी है. कभी अपनी बेहतरीन गुणवत्ता के लिए पहचान रखने वाला यह मार्ग अब जगह-जगह बने गड्ढों, टूटी सड़क और जलजमाव के कारण लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की हालत लगातार बिगड़ती जा रही है, लेकिन इसके रखरखाव की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है.

कभी पूरे बिहार में होती थी इस सड़क की चर्चा

1990 के दशक में जब बिहार की अधिकांश सड़कें जर्जर थीं, तब मीरगंज-समउर मार्ग अपनी उत्कृष्ट गुणवत्ता के लिए प्रसिद्ध था. सड़क की बेहतर स्थिति को लेकर पटना हाईकोर्ट ने भी संज्ञान लिया था. उसी दौर में राज्य के एक वरिष्ठ नेता द्वारा इस सड़क की गुणवत्ता की तुलना एक प्रसिद्ध अभिनेत्री के अंग से किए जाने के बाद यह मार्ग राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया था.

हजारों वाहनों का दबाव, लेकिन मरम्मत नहीं

वर्तमान समय में इस सड़क से प्रतिदिन हजारों छोटी और बड़ी गाड़ियों का आवागमन होता है. यातायात के दबाव के लिहाज से यह मार्ग किसी राष्ट्रीय या राज्य राजमार्ग से कम नहीं है. सिवान, छपरा और गोपालगंज के पश्चिमी क्षेत्रों के लोगों के लिए उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जाने का यह प्रमुख मार्ग है. इसी कारण इसे क्षेत्र की 'लाइफलाइन' भी माना जाता है.

संकरी पुलिया और गड्ढे बढ़ा रहे हादसों का खतरा

स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क की चौड़ाई कम होने और कई स्थानों पर संकरी पुल-पुलियों के कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं. वहीं बारिश के दौरान जलजमाव और गहरे गड्ढों के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है. इससे राहगीरों और वाहन चालकों दोनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

स्टेट हाईवे का दर्जा देने की उठी मांग

स्थानीय लोगों का कहना है कि इतने महत्वपूर्ण और व्यस्त मार्ग होने के बावजूद जनप्रतिनिधियों और प्रशासन का इस ओर अपेक्षित ध्यान नहीं है. लोगों ने मांग की है कि मीरगंज-समउर मुख्य सड़क को जल्द से जल्द स्टेट हाईवे का दर्जा दिया जाए. साथ ही सड़क का चौड़ीकरण, मरम्मत और सभी पुरानी एवं संकरी पुल-पुलियों का पुनर्निर्माण कराया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके.

Also Read : हाजीपुर में युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग, घर के बाहर मोबाइल देख रहे युवक को मारी दो गोलियां



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prashant pathak

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >