Gopalganj News : टीबी मुक्त भारत अभियान को गति देने और उपचाररत मरीजों को बेहतर पोषण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सोमवार को गोपालगंज क्लब में निक्षय पोषण योजना के तहत फूड बास्केट का वितरण किया गया. कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी समीर सौरभ ने मांझा प्रखंड के 50 टीबी मरीजों को पोषण सामग्री से भरे फूड बास्केट प्रदान किए. यह आयोजन चेंबर ऑफ कॉमर्स, गोपालगंज के सहयोग से किया गया.
50 टीबी मरीजों को उपलब्ध कराया गया फूड बास्केट
कार्यक्रम का उद्देश्य टीबी मरीजों को उपचार के दौरान पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने के साथ उनकी शारीरिक क्षमता और नियमित दवा लेने के प्रति मनोबल को मजबूत करना है. फूड बास्केट के माध्यम से मरीजों को पोषण संबंधी सहायता उपलब्ध करायी गयी.
डीएम ने कहा- इलाज के साथ पोषण भी जरूरी
इस अवसर पर डीएम समीर सौरभ ने टीबी मरीजों के नियमित उपचार, पौष्टिक आहार और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के महत्व पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि टीबी उन्मूलन के लिए केवल चिकित्सा उपचार पर्याप्त नहीं है. मरीजों को पर्याप्त पोषण और सामाजिक सहयोग उपलब्ध कराना भी जरूरी है.
सक्षम लोगों और संस्थाओं से आगे आने की अपील
डीएम ने सक्षम लोगों, व्यवसायिक संगठनों और स्वयंसेवी संस्थाओं से टीबी मरीजों की सहायता के लिए आगे आने की अपील की. उन्होंने कहा कि टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को हासिल करने में प्रशासनिक प्रयासों के साथ सामाजिक सहभागिता की भी महत्वपूर्ण भूमिका है.
चेंबर ऑफ कॉमर्स की पहल बनी सामाजिक सहयोग की मिसाल
चेंबर ऑफ कॉमर्स द्वारा टीबी मरीजों के लिए फूड बास्केट उपलब्ध कराया जाना सामाजिक सहयोग का उदाहरण है. इस तरह की पहल से उपचाररत मरीजों को पोषण संबंधी मदद मिलने के साथ समाज में टीबी को लेकर जागरूकता भी बढ़ती है.
समय पर जांच और नियमित दवा से टीबी पर काबू संभव
कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को संदेश दिया गया कि टीबी उपचार योग्य बीमारी है. समय पर जांच, नियमित दवा, पौष्टिक आहार और उचित देखभाल से मरीज पूरी तरह स्वस्थ हो सकते हैं. जिला प्रशासन की ओर से टीबी उन्मूलन को लेकर जागरूकता, जांच, उपचार और पोषण सहायता से जुड़ी गतिविधियां लगातार संचालित की जा रही हैं.
