फुलवरिया के सेमरबारी गांव में तेंदुए का आतंक, गाय के बछड़े को बनाया शिकार

Gopalganj News : गोपालगंज के फुलवरिया प्रखंड के सेमरबारी गांव में तेंदुए ने आतंक मचाया है. देर रात एक गाय के बछड़े का शिकार करने के बाद से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है. वन विभाग की टीम तेंदुए को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान चला रही है.

Gopalganj News : फुलवरिया प्रखंड के सेमरबारी गांव में देर रात एक तेंदुए ने जमकर उत्पात मचाया. तेंदुए ने गांव निवासी सत्येंद्र सिंह की गाय के बछड़े को अपना शिकार बना लिया. घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय किसानों की चिंता बढ़ गई है.

पंजों के निशान मिलने से गांव में तेंदुए की मौजूदगी की पुष्टि

ग्रामीणों के अनुसार, सुबह जब लोगों ने सत्येंद्र सिंह के घर के आसपास और खेतों में वन्यजीव के बड़े पंजों के निशान देखे, तो इलाके में तेंदुए की मौजूदगी की आशंका और मजबूत हो गई. पंजों के निशान मिलने के बाद वन विभाग और स्थानीय प्रशासन सक्रिय हो गया है. तेंदुए को पकड़ने के लिए विभाग की ओर से आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है.

झरही नदी के किनारे छिपे होने की जताई जा रही आशंका

स्थानीय ग्रामीणों और वन विभाग के अनुमान के अनुसार, तेंदुआ शिकार करने के बाद पास से गुजरने वाली झरही नदी के किनारे घनी झाड़ियों में छिपा हो सकता है. तेंदुए की तलाश के लिए नदी के आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाने की तैयारी की जा रही है. वन विभाग की टीम संभावित ठिकानों पर नजर बनाए हुए है.

किसानों में भय, प्रशासन ने सतर्क रहने की अपील की

तेंदुए की गतिविधि सामने आने के बाद से सेमरबारी और आसपास के गांवों के किसानों में डर का माहौल है. लोग खेतों में जाने से भी कतरा रहे हैं. खासकर सुबह और शाम के समय ग्रामीणों को अधिक सावधानी बरतनी पड़ रही है. प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अकेले सुनसान स्थानों पर जाने से बचें और किसी भी तरह की संदिग्ध हलचल दिखाई देने पर तुरंत वन विभाग या स्थानीय प्रशासन को सूचना दें.

Also Read : पितृपक्ष मेला की तैयारियों को लेकर किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं : नगर आयुक्त


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Rakesh gupta

Published by: Yuvraj Ratan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >