कुचायकोट पंचायत समिति की बैठक में जलजमाव, खाद की कालाबाजारी समेत कई मुद्दे उठे

कुचायकोट प्रखंड सभागार में प्रमुख बबली सिंह की अध्यक्षता में पंचायत समिति की सामान्य बैठक संपन्न हुई. इस दौरान जलजमाव, अतिक्रमण, बिजली बिल, खाद की कालाबाजारी और शिक्षा व्यवस्था जैसे ज्वलंत मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई.

Gopalganj News: कुचायकोट प्रखंड सभागार भवन में प्रमुख बबली सिंह की अध्यक्षता में पंचायत समिति की सामान्य बैठक आयोजित की गई. बैठक में जनप्रतिनिधियों ने प्रखंड की विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया. जलजमाव, अतिक्रमण, बिजली, शिक्षा, कृषि, स्वास्थ्य और पशुपालन से जुड़े कई मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई. समस्याओं के समाधान को लेकर कई प्रस्ताव भी पारित किए गए.

जलजमाव और अतिक्रमण का मुद्दा प्रमुखता से उठा

बैठक में मुखिया चंद्रकांत सिंह उर्फ चिंटू सिंह ने पूरे प्रखंड में जलजमाव और अतिक्रमण की समस्या को प्रमुखता से उठाया. उन्होंने जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए समिति गठित कर सर्वे कराने तथा बंद पड़े जलनिकासी मार्गों को चालू कराने की मांग की.

एनएच-28 से सासामुसा सिनेमा हॉल, बंगालखाड़ नहर, बथना कुटी और भठवा मोड़ तक अतिक्रमण एवं जलजमाव की समस्या दूर करने के लिए अंचलाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने का प्रस्ताव पारित किया गया.

सैनिक स्कूल रोड पर नाला निर्माण की मांग

जलजमाव से स्थायी राहत के लिए सैनिक स्कूल सिपाया तथा मटिहिनियां तिवारी से सिपाया ढाला पुल तक जल्द नाला निर्माण कराने की मांग बैठक में उठी. सदस्यों ने कहा कि जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से बारिश के दौरान लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है. अधिकारियों से इस दिशा में जल्द पहल करने की मांग की गई.

सड़क सुरक्षा को लेकर सेमरा-सासामुसा मार्ग की मरम्मत कराने तथा ग्रामीण सड़कों पर भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगाने का प्रस्ताव भी रखा गया.

गोरेयाखाल में पार्क और सामुदायिक शौचालय की मांग

बीडीसी राकेश तिवारी ने कुचायकोट और सासामुसा बाजार में सामुदायिक शौचालय निर्माण कराने की मांग की. उन्होंने कहा कि बाजार क्षेत्र में सामुदायिक शौचालय की सुविधा नहीं होने से आम लोगों को परेशानी होती है.

वहीं, बीडीसी विशाल कुमार ने गोरेयाखाल स्थित भुनेश्वर नाथ मंदिर के पास पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराने, सोलर लाइट लगाने और पार्क का निर्माण कराने का प्रस्ताव रखा. उन्होंने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र के विकास के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की.

स्मार्ट मीटर और गलत बिजली बिलिंग का मामला उठा

बिजली व्यवस्था को लेकर मुखिया अर्जुन सिंह ने स्मार्ट मीटर, गलत बिलिंग और अनधिकृत वसूली का मुद्दा उठाया. उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मामले में जवाब मांगा और उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान कराने की मांग की.

उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर और बिजली बिल से जुड़ी शिकायतों का समय पर निपटारा किया जाना जरूरी है, ताकि उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी नहीं हो.

266 रुपये की यूरिया 450 रुपये में बेचने का आरोप

बैठक में यूरिया की कमी और निर्धारित दर से अधिक कीमत पर खाद बेचे जाने का मामला भी उठा. मुखिया संदीप कुमार ने आरोप लगाया कि 266 रुपये की यूरिया की बोरी किसानों को 450 रुपये में बेची जा रही है. उन्होंने खाद की कालाबाजारी पर रोक लगाने और किसानों को निर्धारित दर पर यूरिया उपलब्ध कराने की मांग की.

सदस्यों ने यूरिया की उपलब्धता सुनिश्चित करने और किसानों को उचित कीमत पर खाद उपलब्ध कराने की मांग की. मुखिया संदीप कुमार ने किसानों के लिए वैकल्पिक खेती को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया.

ढोढवलिया में बकरियों में फैली बीमारी का मामला उठा

बीडीसी मुन्ना राय ने ढोढवलिया क्षेत्र में बकरियों में फैली बीमारी का मामला बैठक में उठाया. उन्होंने पशुपालन विभाग से तत्काल आवश्यक कदम उठाने और प्रभावित पशुओं का इलाज कराने की मांग की.

उन्होंने कहा कि बीमारी के कारण पशुपालकों को नुकसान हो रहा है. ऐसे में पशुपालन विभाग की टीम को क्षेत्र में भेजकर पशुओं की जांच और इलाज की व्यवस्था कराई जानी चाहिए.

स्कूलों में मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता पर नाराजगी

बैठक में शिक्षा व्यवस्था और मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता पर भी सदस्यों ने नाराजगी जताई. खराब गुणवत्ता का भोजन मिलने की शिकायत के बाद बाहर से भोजन की आपूर्ति बंद कर विद्यालय परिसर में ही भोजन पकाने का प्रस्ताव पारित किया गया.

सदस्यों ने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और पौष्टिक भोजन मिलना जरूरी है. इसके साथ ही जर्जर स्कूल भवनों की मरम्मत कराने की मांग भी उठाई गई. सदस्यों ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा और बेहतर शैक्षणिक माहौल के लिए जर्जर भवनों की जल्द मरम्मत जरूरी है.

कई विकास कार्यों को लेकर हुई चर्चा

बैठक के दौरान पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों की स्थिति की भी समीक्षा की गई. जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को अधिकारियों के सामने रखा और उनके जल्द समाधान की मांग की. जलनिकासी, सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और पशुपालन से जुड़े मामलों पर अधिकारियों से आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया.

अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

बैठक में बीडीओ आदित्य प्रकाश, सीओ मनोरंजन शुक्ला, आरओ मनन शुक्ला, सीडीपीओ संगीता कुमारी, बीडीसी बिपुल राय, भारत वर्मा सहित कई अधिकारी, पंचायत समिति सदस्य और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.

इसे भी पढ़ें: पटना, आरा से लेकर मधुबनी तक, बिहार के इन शहरों को मिलने जा रहा नया बाइपास


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राजेश पांडेय

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >