Kataya Panchayat Samiti Meeting: कटेया प्रखंड मुख्यालय में प्रखंड प्रमुख माधुरी मिश्रा की अध्यक्षता में पंचायत समिति की बैठक आयोजित की गयी. बैठक में विकास योजनाओं, स्वास्थ्य, खाद की कालाबाजारी और पेंशन समेत कई मुद्दों पर पंचायत समिति सदस्यों ने अधिकारियों के समक्ष सवाल उठाये.
बैठक में प्रखंड कार्यालय के कार्यपालक सहायक अरुण कुमार पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से हटाने का प्रस्ताव पारित किया गया. वहीं, सदस्यों ने पूर्व से लंबित योजनाओं की राशि का भुगतान कराने की मांग भी जोरदार तरीके से उठायी.
लंबित योजनाओं की राशि भुगतान कराने की मांग
बैठक में सदस्यों ने कहा कि कई योजनाएं पूरी हो चुकी हैं, लेकिन लंबे समय से उनकी राशि का भुगतान लंबित है. इससे पंचायत प्रतिनिधियों और लाभुकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. सदस्यों ने लंबित योजनाओं की राशि का सात दिनों के भीतर भुगतान कराने की मांग की.
बिना रजिस्ट्रेशन मरीजों के इलाज पर जतायी नाराजगी
बीडीसी सदस्य संदीप वर्मा ने स्वास्थ्य व्यवस्था का मुद्दा उठाते हुए कहा कि बिना रजिस्ट्रेशन के मरीजों का इलाज नहीं हो पा रहा है. उन्होंने मरीजों को हो रही परेशानी को देखते हुए व्यवस्था में सुधार कराने की मांग की.
बैठक में खाद की कालाबाजारी का मुद्दा भी सदस्यों ने उठाया. इस पर मामले में ठोस कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया.
मच्छरों के प्रकोप को लेकर छिड़काव का प्रस्ताव
बरसात में डेंगू, मलेरिया और कालाजार जैसी बीमारियों की आशंका को देखते हुए संदीप राय ने क्षेत्र में मच्छरों की बढ़ती संख्या का मामला उठाया. उन्होंने कहा कि मच्छरों के बढ़ते प्रकोप से ग्रामीण परेशान हैं.
मच्छरों से बचाव के लिए डीडीसी के माध्यम से मच्छररोधी दवा का छिड़काव कराने का प्रस्ताव रखा गया. वहीं, मुखिया विवेक कुमार श्रीवास्तव ने स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से पंचायतों के लिए आने वाली राशि का पंचायत स्तर पर ही उपयोग किए जाने की मांग की. उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ी राशि का उपयोग पंचायतों में स्थानीय जरूरतों के अनुसार किया जाना चाहिए.
पेंशन लाभुकों के ई-केवाईसी के लिए लगेगा विशेष कैंप
बैठक में पेंशन के मुद्दे पर भी सदस्यों ने चिंता जतायी. विवेक कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि मार्च तक जिन पेंशन लाभुकों का ई-केवाईसी नहीं हुआ है, उनके खाते में पेंशन की राशि नहीं जा रही है. इससे पेंशनधारियों को काफी परेशानी हो रही है.
उन्होंने वंचित लाभुकों का जल्द ई-केवाईसी कराने की मांग की. इस पर बीडीओ अर्चना कुमारी ने कहा कि पेंशन से वंचित लाभुकों के ई-केवाईसी के लिए विशेष कैंप लगाया जाएगा. कैंप के माध्यम से लाभुकों का ई-केवाईसी कराकर उन्हें पेंशन योजना का लाभ दिलाने की कार्रवाई की जाएगी.
बैठक में विधायक प्रतिनिधि जितेंद्र द्विवेदी, उपप्रमुख पुष्पा देवी, जिला परिषद सदस्य विनय तिवारी, मुखिया संघ के अध्यक्ष संतोष कुमार मिश्रा, मुखिया इंद्रावती देवी, भूपदेव नारायण राय, अनिल राय, सपना देवी, बीडीसी सदस्य श्रीपति कोहार, पंकज त्रिपाठी, आरती देवी, अच्छे लाल मांझी, अरविंद शर्मा समेत सभी मुखिया एवं पंचायत समिति सदस्य मौजूद रहे.
Also Read: एग्जीक्यूटिव इंजीनियर के 4 ठिकानों पर SVU की रेड, बिहार के तीन जिलों में कागजात खंगाल रही टीम
