JPU PG Admission 2026: पहली मेधा सूची जारी, 11 अगस्त से नामांकन शुरू, गोपालगंज के तीन कॉलेजों में 416 सीटें

जयप्रकाश विश्वविद्यालय (JPU) ने PG CBCS प्रथम सेमेस्टर सत्र 2026-28 के लिए पहली मेरिट सूची जारी कर दी है. चयनित उम्मीदवार 11 अगस्त से 18 अगस्त तक नामांकन करा सकते हैं. आवश्यक दस्तावेजों की सूची और पूरी प्रक्रिया जानने के लिए पढ़ें.

JPU PG Admission 2026: जयप्रकाश विश्वविद्यालय के पीजी सीबीसीएस प्रथम सेमेस्टर सत्र 2026-28 में नामांकन को लेकर महत्वपूर्ण अपडेट सामने आया है. विश्वविद्यालय ने सोमवार, 10 अगस्त को पीजी की पहली मेधा सूची जारी कर दी है. मेधा सूची में शामिल अभ्यर्थी अब विश्वविद्यालय की वेबसाइट के एडमिशन लिंक के माध्यम से अपने आवंटित कॉलेज और विषय की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं. चयनित विद्यार्थियों के लिए नामांकन की प्रक्रिया 11 अगस्त से शुरू होगी और 18 अगस्त की शाम चार बजे तक चलेगी.

11 अगस्त से शुरू होगा पीजी में नामांकन

पहली मेधा सूची में चयनित अभ्यर्थियों को निर्धारित समय के अंदर नामांकन प्रक्रिया पूरी करनी होगी. विश्वविद्यालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, अभ्यर्थियों को www.jpv.ac.in पर जाकर एडमिशन लिंक के माध्यम से समर्थ पोर्टल पर लॉगिन करना होगा. पोर्टल पर विद्यार्थी अपने लिए आवंटित कॉलेज और विषय की जानकारी देख सकेंगे.

कॉलेज आवंटित होने के बाद अभ्यर्थियों को संबंधित कॉलेज में जाकर अपने मूल प्रमाण-पत्रों का सत्यापन कराना होगा. इसके बाद समर्थ पोर्टल के पेमेंट गेटवे के माध्यम से निर्धारित नामांकन शुल्क जमा करना होगा. शुल्क जमा करने के बाद उसकी रसीद संबंधित कॉलेज में जमा करना भी अनिवार्य होगा.

गोपालगंज के तीन कॉलेजों में 416 सीटों पर दाखिला

पीजी नामांकन के लिए गोपालगंज जिले के तीन अंगीभूत कॉलेजों में कुल 416 सीटें निर्धारित की गयी हैं. इनमें कमला राय कॉलेज में 224 सीटें, महेंद्र महिला कॉलेज में 96 सीटें और गोपेश्वर कॉलेज, हथुआ में 96 सीटें शामिल हैं.

जिले में ही पीजी की पढ़ाई के लिए सीट उपलब्ध होने से स्थानीय विद्यार्थियों को काफी सुविधा मिलेगी. विद्यार्थियों को पीजी की पढ़ाई के लिए दूसरे शहरों में जाने की जरूरत कम होगी. इससे उनके आने-जाने में लगने वाला समय और खर्च भी बचेगा.

इन दस्तावेजों के बिना सत्यापन में हो सकती है परेशानी

नामांकन के दौरान कागजात सत्यापन के लिए विद्यार्थियों को निर्धारित दस्तावेज साथ लेकर जाना होगा. विश्वविद्यालय के निर्देश के अनुसार अभ्यर्थियों को डाउनलोड किया हुआ आवेदन पत्र और आवंटन पत्र प्रस्तुत करना होगा.

इसके अलावा मैट्रिक का अंकपत्र व प्रमाण-पत्र, इंटर के मूल दस्तावेज, स्नातक का अंकपत्र व उत्तीर्णता प्रमाण-पत्र तथा एसएलसी, सीएलसी या माइग्रेशन प्रमाण-पत्र भी साथ रखना होगा.

आरक्षित वर्ग, 40 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता और ईडब्ल्यूएस श्रेणी में आने वाले विद्यार्थियों को संबंधित प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना होगा. गैप ईयर होने की स्थिति में नोटरी शपथपत्र भी देना होगा. इसके साथ चार हालिया रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड और अपार आईडी यानी एबीसी आईडी भी आवश्यक होगी.

18 अगस्त शाम चार बजे तक जमा करना होगा शुल्क

विश्वविद्यालय ने नामांकन शुल्क जमा करने के लिए 11 अगस्त से 18 अगस्त तक का समय निर्धारित किया है. अभ्यर्थियों को 18 अगस्त की शाम चार बजे तक शुल्क भुगतान और नामांकन से जुड़ी आवश्यक प्रक्रिया पूरी करनी होगी.

विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों को सलाह दी है कि वे अंतिम दिन का इंतजार न करें और निर्धारित समय के भीतर कॉलेज में कागजात सत्यापन और शुल्क भुगतान की प्रक्रिया पूरी कर लें.

नामांकन में परेशानी हो तो यहां करें संपर्क

पीजी नामांकन से संबंधित किसी तरह की परेशानी होने पर विद्यार्थी विश्वविद्यालय के हेल्पडेस्क से संपर्क कर सकते हैं. इसके लिए helpdeskjpusamarth@gmail.com ई-मेल जारी किया गया है. इसके अलावा विद्यार्थी 6290951611 हेल्पडेस्क नंबर पर भी संपर्क कर सकते हैं.

छुट्टी के दिन भी खुल सकते हैं कॉलेज

नामांकन प्रक्रिया निर्धारित समय के अंदर पूरी कराने के लिए विश्वविद्यालय ने संबंधित विभागों और अंगीभूत कॉलेजों को जरूरत पड़ने पर रविवार और अन्य अवकाश के दिनों में भी कॉलेज खोलने का निर्देश दिया है. ऐसे में मेधा सूची में चयनित विद्यार्थियों को नामांकन और कागजात सत्यापन के लिए निर्धारित तिथि का ध्यान रखना होगा.

इसे भी पढ़ें: सारण के पहलेजा घाट में कांवरियों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा, सावन की दूसरी सोमवारी पर गूंजा बोल बम


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >