Gopalganj News : जयप्रकाश विश्वविद्यालय (जेपीयू) की स्नातक सत्र 2026-30 की दूसरी मेरिट लिस्ट में चयनित छात्र-छात्राओं का नामांकन सोमवार से शुरू हो गया. जिले के सभी अंगीभूत एवं संबद्ध डिग्री कॉलेजों में 13 से 18 जुलाई तक दाखिले की प्रक्रिया चलेगी. कमला राय डिग्री कॉलेज, महेंद्र महिला महाविद्यालय समेत सभी कॉलेजों ने दस्तावेज सत्यापन और नामांकन की तैयारी पूरी कर ली है.
नामांकन के दौरान दस्तावेज सत्यापन और शुल्क जमा करने की प्रक्रिया एक साथ पूरी होगी. विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि 18 जुलाई की शाम 4 बजे के बाद किसी भी परिस्थिति में नामांकन स्वीकार नहीं किया जाएगा.
ये दस्तावेज होंगे अनिवार्य
नामांकन के समय आवेदन पत्र, अलॉटमेंट लेटर, मैट्रिक एवं इंटर के मूल प्रमाणपत्र, एसएलसी/सीएलसी, आधार कार्ड, अपार (एबीसी) आईडी, चार पासपोर्ट आकार के फोटो तथा आरक्षण, ईडब्ल्यूएस या दिव्यांग प्रमाणपत्र (यदि लागू हो) प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा. जिन अभ्यर्थियों ने पढ़ाई के दौरान गैप लिया है, उन्हें शपथ पत्र भी जमा करना होगा. दस्तावेज अधूरे होने पर नामांकन प्रभावित हो सकता है.
ऑनलाइन जमा होगा शुल्क
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार नामांकन शुल्क केवल समर्थ पोर्टल के पेमेंट गेटवे के माध्यम से ऑनलाइन जमा होगा. भुगतान की रसीद संबंधित कॉलेज में जमा करनी होगी. तकनीकी समस्या के समाधान के लिए हेल्पडेस्क की भी व्यवस्था की गई है. विश्वविद्यालय ने सभी चयनित छात्र-छात्राओं से अंतिम दिन का इंतजार नहीं करने और समय रहते नामांकन की प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है.
