गोपालगंज में स्नातक नामांकन 2026, जेपी विश्वविद्यालय की पहली मेरिट लिस्ट जारी, 29 जून तक दाखिला

JP University UG Admission 2026: जेपी विश्वविद्यालय ने स्नातक सत्र 2026-30 की पहली मेरिट लिस्ट जारी कर दी है. गोपालगंज के डिग्री कॉलेजों में 23 से 29 जून तक नामांकन होगा. जानिए जरूरी दस्तावेज, शुल्क और पूरी प्रक्रिया.

गोपालगंज से विकास दुबे की रिपोर्ट
JP University UG Admission 2026: स्नातक में नामांकन का इंतजार कर रहे जिले के हजारों छात्र-छात्राओं के लिए राहत भरी खबर है. जयप्रकाश विश्वविद्यालय ने सत्र 2026-30 के स्नातक प्रथम सेमेस्टर में नामांकन के लिए पहली मेधा सूची जारी कर दी है. इसके साथ ही जिले के विभिन्न डिग्री कॉलेजों में नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है. पहली मेधा सूची में चयनित विद्यार्थी 23 जून से 29 जून तक अपने आवंटित कॉलेजों में नामांकन करा सकेंगे.

विश्वविद्यालय की ओर से कॉलेजों का आवंटन इंटरमीडिएट में प्राप्त अंकों, आरक्षण व्यवस्था तथा आवेदन के समय विद्यार्थियों द्वारा दिए गए विकल्पों के आधार पर किया गया है. गोपालगंज जिले के सभी अंगीभूत, संबद्ध एवं राजकीय डिग्री कॉलेजों में नामांकन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. दस्तावेज सत्यापन के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए गए हैं. विश्वविद्यालय प्रशासन ने कॉलेजों को निर्देश दिया है कि नामांकन प्रक्रिया के दौरान विद्यार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए.

समर्थ पोर्टल पर देखना होगा आवंटित कॉलेज

पहली मेधा सूची में शामिल विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय के समर्थ पोर्टल पर जाकर अपना नाम और आवंटित कॉलेज की जानकारी प्राप्त करनी होगी. इसके बाद उन्हें आवंटन पत्र डाउनलोड कर संबंधित कॉलेज में पहुंचकर नामांकन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी. विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अवधि के भीतर नामांकन नहीं कराने वाले विद्यार्थियों का दावा स्वतः समाप्त माना जा सकता है.

नामांकन के समय ये दस्तावेज होंगे जरूरी

नामांकन के समय विद्यार्थियों को मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट की अंकपत्र और प्रमाणपत्र, विद्यालय परित्याग प्रमाणपत्र (एसएलसी/सीएलसी), आधार कार्ड, पासपोर्ट आकार के फोटो, आवेदन पत्र तथा आवंटन पत्र साथ लेकर जाना होगा. आरक्षित वर्ग के विद्यार्थियों को संबंधित प्रमाणपत्र भी जमा करना होगा.

प्रायोगिक विषयों के लिए अलग शुल्क निर्धारित

विश्वविद्यालय की ओर से जारी शुल्क संरचना के अनुसार प्रायोगिक विषयों के लिए 2,855 रुपये तथा बिना प्रायोगिक विषयों के लिए 2,255 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है. वहीं सभी वर्ग की छात्राओं तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों के लिए नामांकन शुल्क मात्र 25 रुपये रखा गया है.

रिक्त सीटों के लिए जारी होगी दूसरी और तीसरी मेरिट लिस्ट

विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि पहली मेधा सूची के बाद रिक्त सीटों की समीक्षा की जाएगी. इसके बाद दूसरी एवं तीसरी मेधा सूची जारी कर शेष सीटों पर नामांकन की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी.

इसे भी पढ़ें: अभिनेता पंकज त्रिपाठी के बड़े भाई पर जानलेवा हमला, गंभीर हालत में पटना रेफर

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vivek Pandey

विवेक रंजन पांडेय का जन्म और पालन-पोषण बिहार के गौरवशाली इतिहास और ज्ञान की भूमि नालंदा में हुआ. इसी पावन धरती के संस्कारों ने उन्हें समाज और व्यवस्था को गहराई से देखने का नजरिया दिया. पत्रकारिता के प्रति अपने जुनून को करियर बदलने के लिए उन्होंने पटना के आर्यभट्ट विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की डिग्री हासिल की. पिछले 7 वर्षों से टीवी चैनल के जरिए रिपोर्टिंग फील्ड में लगातार सक्रिय हैं. Network 10 National News Channel से करियर की शुरुआत की. उसके बाद कई संस्थानों में काम किया. शिक्षा और राजनीति के साथ कृषि, महिला सुरक्षा से जुड़े मुद्दे पर विशेष रूचि रखते हैं. पत्रकारिता की बारीकियों को सीखा और ग्राउंड जीरो पर रहकर जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया. वर्तमान में Prabhat Khabar के माध्यम से बिहार की खबरों को एक नया आयाम दे रहे हैं. वे बिहार की राजनीति के साथ-साथ देश की सियासी हलचलों पर भी पैनी नजर रखते हैं. अपने शानदार करियर में उन्होंने ​बिहार के वर्तमान मुख्यमंत्री जब वह उप मुख्यमंत्री थे तब इंटरव्यू किया. इसके साथ कैबिनेट के अधिकांश प्रमुख मंत्रियों का विशेष इंटरव्यू किया है. ​बिहार के शीर्ष नेताओं और नौकरशाहों को बहुत करीब से देखा, समझा और उनकी नीतियों का निष्पक्ष विश्लेषण किया. ​जटिल राजनीतिक घटनाक्रमों को बेहद सरल भाषा में जनता के सामने पेश किया है.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >