Shri Krishna Janmashtami: भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव इस वर्ष चार सितंबर को मनाया जाएगा. जिले के प्रमुख मठ-मंदिरों में जन्माष्टमी को लेकर तैयारियां तेज हो गयी हैं. भाद्रपद माह के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को भगवान श्रीकृष्ण का जन्म हुआ था. धार्मिक मान्यता के अनुसार उनका जन्म रोहिणी नक्षत्र में हुआ था. इसी वजह से हर वर्ष जन्माष्टमी पर तिथि के साथ रोहिणी नक्षत्र के संयोग को विशेष महत्व दिया जाता है.
ज्योतिषाचार्य पं. राजेश्वरी मिश्र ने बताया कि इस वर्ष चार सितंबर को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के समय मृगशिरा नक्षत्र और वज्र योग रहेगा. हर्षण योग सुबह से दोपहर 3:44 बजे तक रहेगा. इसके बाद वज्र योग शुरू होगा, जो पांच सितंबर को दोपहर 12:47 बजे तक रहेगा.
उन्होंने बताया कि चार सितंबर को रोहिणी नक्षत्र रात 11:04 बजे तक रहेगा. इसके बाद मृगशिरा नक्षत्र शुरू होगा. जन्माष्टमी का विशेष जन्मोत्सव मुहूर्त रात 11:57 बजे से देर रात 12:43 बजे तक रहेगा. इसी दौरान भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया जाएगा. इस आधार पर चार सितंबर, शुक्रवार को जन्माष्टमी मनाना शुभ रहेगा.
जन्माष्टमी पर जानें प्रमुख मुहूर्त
ब्रह्म मुहूर्त: सुबह 4:30 बजे से 5:15 बजे तक. इस दौरान स्नान कर व्रत का संकल्प लिया जा सकता है.
अभिजीत मुहूर्त: दिन में 11:55 बजे से दोपहर 12:45 बजे तक.
अमृत काल: रात 8:00 बजे से 9:33 बजे तक.
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मुहूर्त: रात 11:57 बजे से 12:43 बजे तक.
जन्माष्टमी व्रत का पारण कब होगा
जन्माष्टमी का व्रत रखने वाले श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के बाद देर रात 12:43 बजे के पश्चात पारण कर सकते हैं. जिन परिवारों में उदयातिथि यानी सूर्योदय के बाद पारण करने की परंपरा है, वे पांच सितंबर को सूर्योदय के बाद व्रत खोलेंगे.
जन्माष्टमी पर सुबह 10:45 बजे से रहेगा राहुकाल
ज्योतिषाचार्य के अनुसार जन्माष्टमी के दिन राहुकाल सुबह 10:45 बजे से दोपहर 12:20 बजे तक रहेगा. इस अवधि में शुभ कार्य करने से बचने की सलाह दी गयी है.
फुलवरिया प्रखंड के प्रमुख व्यावसायिक केंद्र बथुआ बाजार में चार से 10 सितंबर तक आयोजित होने वाले छह दिवसीय ऐतिहासिक श्रीकृष्ण जन्मोत्सव झूलन समारोह को लेकर क्षेत्र में उत्साह और भक्ति का माहौल है. रविवार को बथुआ बाजार स्थित पंचायत भवन परिसर में जन्मोत्सव की तैयारियों और विधि-व्यवस्था को लेकर विशेष बैठक आयोजित की गयी.
फुलवरिया थाने के दरोगा संजय प्रसाद की अध्यक्षता में हुई बैठक में तीनों पूजा पंडालों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए बनने वाले मंच और मीना बाजार की व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गयी. दरोगा संजय प्रसाद ने सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूजा समितियों के सदस्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
तीन प्रमुख स्थानों पर सजेंगे भव्य पूजा पंडाल
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर बथुआ बाजार के नौलखिया मोहल्ला, इंसाफ मोड़ और दुर्गा चौक पर भव्य पूजा पंडाल तैयार किए जा रहे हैं. समितियों के कार्यकर्ता तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं. पंडालों को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है.
उत्सव के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा. इसके लिए बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड और नेपाल के कलाकारों को आमंत्रित किया गया है. कलाकारों के कार्यक्रम और आगमन को लेकर रूपरेखा तैयार कर ली गयी है.
प्रशासन अलर्ट, आयोजकों को दिए सुरक्षा निर्देश
बैठक में प्रशासन की ओर से शांतिपूर्ण आयोजन, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आयोजकों को आवश्यक निर्देश दिए गये. प्रखंड प्रशासन ने भी आयोजन के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर तैयारी शुरू कर दी है.
बैठक में मुखिया प्रतिनिधि दिनेश कुमार साहू, पूर्व मुखिया सुभाष प्रसाद, पूजा समिति के सदस्य कृष्णा प्रसाद गुप्ता, बाल ठाकरे प्रसाद, डब्लू आलम, अरमान आलम उर्फ विधायक, गुलशन कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे.
