शिक्षक दंपति की बेटी सुहानी प्रिया ने Re-NEET में लहराया सफलता का परचम, मिले 576 अंक

Gopalganj News : गोपालगंज के जलालपुर गांव की सुहानी प्रिया ने NEET 2026 परीक्षा में 576 अंक प्राप्त कर शानदार सफलता हासिल की है. शिक्षक माता-पिता की बेटी सुहानी ने बिना कोचिंग के घर पर रहकर यह उपलब्धि पाई है.

Gopalganj News : प्रखंड के जलालपुर गांव की रहने वाली सुहानी प्रिया ने नीट (NEET) 2026 परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है. सुहानी ने 720 में से 576 अंक प्राप्त कर मेडिकल सीट पर अपनी मजबूत दावेदारी पेश की है. उनकी सफलता से परिवार और गांव में खुशी का माहौल है.

शिक्षक दंपति की बेटी हैं सुहानी

सुहानी प्रिया जलालपुर निवासी हरेंद्र राय की पुत्री हैं. उनके पिता हरेंद्र राय जलालपुर विद्यालय में शिक्षक हैं, जबकि उनकी माता सुनीता कुमारी प्रखंड के काशी टेंगराही स्थित विद्यालय में प्रधान शिक्षिका के पद पर कार्यरत हैं. परिवार में शुरू से ही शिक्षा का माहौल रहा, जिसका सकारात्मक प्रभाव सुहानी की पढ़ाई पर पड़ा.

घर पर रहकर की तैयारी, नहीं ली कोचिंग

सुहानी ने बिना किसी कोचिंग के घर पर रहकर ही नीट परीक्षा की तैयारी की. उन्होंने माता-पिता के मार्गदर्शन और सहयोग से नियमित अध्ययन किया और शानदार सफलता प्राप्त की. उन्होंने हाई स्कूल और इंटरमीडिएट की पढ़ाई निकटवर्ती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, लड़ौली से पूरी की थी.

माता-पिता को दिया सफलता का श्रेय

अपनी सफलता पर सुहानी ने कहा कि उनके माता-पिता ही उनके आदर्श हैं. उन्होंने हर कदम पर मार्गदर्शन किया और पढ़ाई के लिए हर संभव सहयोग दिया. सुहानी ने कहा कि उनकी सफलता का सबसे बड़ा श्रेय उनके माता-पिता को जाता है.

परिवार और गांव में खुशी का माहौल

बेटी की उपलब्धि पर पिता हरेंद्र राय ने कहा कि सुहानी बचपन से ही मेहनती, अनुशासित और लगनशील रही है. आज उसकी मेहनत का परिणाम सबके सामने है. वहीं माता सुनीता कुमारी ने कहा कि बेटियों को भी हर क्षेत्र में आगे बढ़ने का समान अवसर मिलना चाहिए.

पंचायत की बेटियों के लिए बनी प्रेरणा

सुहानी की सफलता पर पंचायत के मुखिया गुड्डू सिंह ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे पंचायत की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी. ग्रामीणों ने भी सुहानी को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.

Also Read : 7 घंटे बोरवेल में फंसा रहा पीयूष, एक आंसू भी नहीं बहाया, हाथ से नहीं छोड़ा मोबाइल, हिम्मत ने जीत लिया सबका दिल



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Pawan agarwal

Published by: Yuvraj Ratan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >