Gopalganj News : गोपालगंज जिला पदाधिकारी समीर सौरभ की अध्यक्षता में शनिवार को एनआईसी कक्ष में डीएम ग्रिवांस सेल की बैठक आयोजित की गयी. बैठक में आम नागरिकों से प्राप्त शिकायतों, विशेषकर भूमि संबंधी मामलों के निष्पादन की प्रगति की समीक्षा की गयी. इस दौरान कुल 74 मामलों की सुनवाई हुई.
अंचल स्तर पर ही निबटायें भूमि संबंधी मामले
डीएम ने सभी अंचल अधिकारियों को भूमि से संबंधित आवेदनों और शिकायतों का निष्पादन अंचल स्तर पर ही सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए जिला मुख्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़े.
उन्होंने सभी प्राप्त आवेदनों का अधिकतम 15 दिनों के भीतर गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा. लंबित आवेदनों की नियमित समीक्षा करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया गया.
भूमि विवाद के मामलों को प्राथमिकता देने का निर्देश
डीएम ने कहा कि जिन मामलों में स्थल जांच या अन्य विभागों के साथ समन्वय की आवश्यकता है, उनमें भी अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए. भूमि विवाद से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निबटाने और अंचल अधिकारियों को स्वयं इसकी निगरानी करने का निर्देश दिया गया.
उन्होंने शिकायतों की प्रकृति के अनुसार संबंधित विभागों और पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर मामलों का निष्पादन करने को कहा. साथ ही निष्पादित मामलों की अद्यतन स्थिति को संबंधित अभिलेखों में दर्ज करने का निर्देश दिया.
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े अधिकारी
बैठक में डीडीसी गौरव कुमार, एसडीओ गोपालगंज डॉ. प्रेरणा सिंह, पंचायती राज पदाधिकारी धर्मेंद्र कुमार और वरीय उप समाहर्ता दिलीप कुमार मौजूद रहे. वहीं एसडीओ हथुआ, भूमि सुधार उप समाहर्ता गोपालगंज एवं हथुआ समेत सभी अंचल अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में जुड़े.
