IGNOU Admission 2026 : इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) ने जुलाई 2026 सत्र के लिए नामांकन और री-रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू कर दी है. इस बार विश्वविद्यालय ने बड़ा बदलाव करते हुए ओपन एंड डिस्टेंस लर्निग (ODL) और ऑनलाइन दोनों पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए APAAR ID अनिवार्य कर दी है. आवेदन और री-रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 15 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है.
बिना APAAR ID आवेदन नहीं होगा स्वीकार
कमला राय कॉलेज स्थित इग्नू अध्ययन केंद्र के समन्वयक डॉ. अमित कुमार ने बताया कि जुलाई 2026 सत्र के लिए स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा, पीजी डिप्लोमा और सर्टिफिकेट सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों में नामांकन लिया जा रहा है. उन्होंने कहा कि इस बार आवेदन शुरू करने से पहले APAAR ID बनवाना अनिवार्य है. बिना APAAR ID के आवेदन प्रक्रिया पूरी नहीं होगी.
Gopalganj News : अंतिम समय का इंतजार न करें छात्र
समन्वयक ने छात्रों को सलाह दी कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें. पहले अपनी APAAR ID बनवाएं और उसके बाद ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी करें, ताकि किसी प्रकार की तकनीकी परेशानी का सामना न करना पड़े.
आवेदन के समय इन दस्तावेजों की होगी जरूरत
नामांकन के लिए छात्रों को संबंधित पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा. आवेदन के दौरान पासपोर्ट साइज फोटो, हस्ताक्षर, शैक्षणिक प्रमाण पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे. विश्वविद्यालय ने छात्रों को अपना मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी ही दर्ज करने की सलाह दी है, ताकि ओटीपी और अन्य महत्वपूर्ण सूचनाएं सीधे उन्हें मिल सकें.
री-रजिस्ट्रेशन की भी अंतिम तिथि 15 जुलाई
इग्नू ने पहले से अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए री-रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि भी 15 जुलाई तय की है. अगले सेमेस्टर या वर्ष में पढ़ाई जारी रखने वाले छात्रों को समय पर री-रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य होगा. ऐसा नहीं करने पर वे असाइनमेंट, परीक्षा और अगली पढ़ाई से वंचित हो सकते हैं.
राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल से मिलेगी फीस वापसी का लाभ
विश्वविद्यालय ने पात्र विद्यार्थियों को राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल (NSP) के माध्यम से केंद्र सरकार की छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ लेने की भी सुविधा दी है. नामांकन की पुष्टि होने के बाद छात्र छात्रवृत्ति के लिए आवेदन कर सकेंगे.
आवेदन शुरू होते ही साइबर कैफे में बढ़ी भीड़
कम खर्च में घर बैठे पढ़ाई की सुविधा मिलने के कारण हर साल बड़ी संख्या में छात्र इग्नू के विभिन्न पाठ्यक्रमों में नामांकन लेते हैं. आवेदन प्रक्रिया शुरू होने के बाद गोपालगंज के साइबर कैफे और ऑनलाइन सेवा केंद्रों पर भी छात्रों की भीड़ बढ़ गई है.
Also Read : बिहार-यूपी बॉर्डर पर पुलिस का एक्शन, सीवान का तस्कर गिरफ्तार, शराब और बाइक भी बरामद
