Gopalganj News : (मनीष राज) जिले के फुलवरिया थाना क्षेत्र के अहिरौली गांव में फुटबॉल खेलने के दौरान मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. खेल के दौरान बच्चों के बीच गाली-गलौज शुरू हुई, जो देखते ही देखते झगड़े में बदल गई. इसी दौरान मोहम्मद साजिद ने 12 वर्षीय मोहम्मद आशिफ पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया. हमले में आशिफ गंभीर रूप से घायल हो गया.
पीठ पर चाकू से किया वार, अस्पताल में भर्ती
पीड़ित शेख मुन्ना का पुत्र मोहम्मद आसिफ बताया गया है, चाकू बाजी के दौरान बच्चे के पीठ पर चाकू लगने से गहरी चोट आई है. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों और परिजनों ने आनन-फानन में घायल बच्चे को उठाकर गोपालगंज सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है. डॉक्टरों के अनुसार, बच्चे की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे निगरानी में रखा गया है.
घटना के बाद आरोपी फरार
घटना के बाद आरोपी युवक मौके से फरार बताया जा रहा है. इधर, इस मामले में फुलवरिया थाना अध्यक्ष ने बताया कि अभी तक पीड़ित पक्ष की ओर से कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. उन्होंने कहा कि आवेदन मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी.
गांव में इस घटना के बाद तनाव का माहौल है. स्थानीय लोग इस तरह की घटनाओं को लेकर चिंता जता रहे हैं और बच्चों के बीच बढ़ती हिंसा पर रोक लगाने की मांग कर रहे हैं.
Also Read: औरंगाबाद मंडी में सेब और अंगूर के दाम ऊंचे स्तर पर
