गोपालगंज में Honda City से शराब की खेप बरामद, 270 लीटर शराब के साथ यूपी का तस्कर गिरफ्तार

Gopalganj liquor Smuggling : गोपालगंज के भोरे में पुलिस को शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है. एक Honda City कार से 270 लीटर अवैध देसी शराब बरामद की गई और एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया. यह खेप उत्तर प्रदेश से लाई जा रही थी और इसे भोरे थाना क्षेत्र में पहुंचाया जाना था.

Gopalganj liquor Smuggling : गोपालगंज के भोरे में शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. भिंगारी बाजार मार्ग पर दमकिया चौराहे के पास पुलिस ने एक सफेद Honda City कार से 270 लीटर अवैध देसी शराब बरामद की. पुलिस ने मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया, जबकि कार का चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया.

गुप्त सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी

भोरे थाना पुलिस के अनुसार देर रात गश्ती और वाहन जांच के दौरान शराब की बड़ी खेप आने की सूचना मिली थी. सूचना में बताया गया था कि यूपी की ओर से Honda City कार में शराब लाकर भिंगारी बाजार की तरफ ले जाई जा रही है. इसके बाद पुलिस टीम ने दमकिया चौराहे के पास घेराबंदी कर वाहन जांच शुरू की.

पुलिस को देखते ही कार छोड़कर भागने लगे

संदिग्ध Honda City कार के पहुंचते ही पुलिस ने उसे रोकने का इशारा किया. पुलिस के मुताबिक, वाहन रुकते ही कार में सवार दोनों व्यक्ति गाड़ी छोड़कर भागने लगे. पुलिस जवानों ने पीछा कर एक व्यक्ति को पकड़ लिया, जबकि दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा.

कार से 270 लीटर देसी शराब बरामद

पुलिस ने कार की तलाशी ली तो डिक्की और पिछली सीट से शराब की खेप मिली. शराब 30 पेटियों में रखी थी. इन पेटियों से 200 एमएल की कुल 1,350 बोतलें बरामद की गईं. पुलिस के अनुसार बरामद शराब की कुल मात्रा 270 लीटर है.

गिरफ्तार आरोपी यूपी का रहने वाला

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के खामपार निवासी 22 वर्षीय मनोज कुमार के रूप में हुई है. उसके पिता का नाम हरिकिशुन भगत बताया गया है. वहीं फरार चालक की पहचान अमित पासवान के रूप में हुई है.

पूछताछ में सामने आया शराब पहुंचाने का ठिकाना

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि शराब यूपी के भिंगारी बाजार से लाई जा रही थी. इसे भोरे थाना क्षेत्र के तिलक डुमर गांव निवासी कथित शराब कारोबारी मनोज यादव तक पहुंचाया जाना था. पुलिस इस जानकारी के आधार पर मामले की आगे जांच कर रही है.

चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी

पुलिस ने मामले में गिरफ्तार तस्कर मनोज कुमार, फरार चालक अमित पासवान, कथित शराब कारोबारी मनोज यादव और जब्त Honda City के मालिक के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की है. फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही है.

Also Read : गोपालगंज डीएम छाड़ी नदी पर सख्त, अतिक्रमण हटाने का दिया निर्देश, कचरा डालने पर होगी कार्रवाई



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सुरेश राय

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >