सासामुसा चीनी मिल को फिर से चालू कराने की कवायद तेज, 28 जुलाई को पटना में होगी अहम बैठक

Gopalganj News : सासामुसा चीनी मिल को पुन: चालू करने के लिए सरकार ने कमर कस ली है. 28 जुलाई को पटना में गन्ना विभाग के मंत्री संजय पासवान की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी. इसमें मिल के भविष्य और किसानों-मजदूरों के बकाये के भुगतान पर चर्चा की जाएगी.

Gopalganj News : सासामुसा चीनी मिल को पुनः चालू कराने, किसानों एवं मजदूरों के बकाये का भुगतान सुनिश्चित करने तथा मिल की वर्तमान नीलामी प्रक्रिया को स्थगित करने को लेकर सरकार ने पहल तेज कर दी है. इस मामले को लेकर 28 जुलाई को पटना में गन्ना विभाग के मंत्री संजय पासवान की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी. बैठक में बैंक के महाप्रबंधक, एनसीएलटी के रिसीवर मनीष जैन और पैनल अधिवक्ता प्रशांत प्रकाश को भी शामिल होने के लिए बुलाया गया है. बैठक में चीनी मिल से जुड़े सभी पहलुओं पर चर्चा कर समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा.

विधानसभा में विधायक मंजीत सिंह ने उठाया था मामला

सासामुसा चीनी मिल को लेकर बरौली के जदयू विधायक एवं सत्तारूढ़ दल के उप मुख्य सचेतक मंजीत सिंह सहित कई विधायकों ने बिहार विधानसभा के मानसून सत्र में ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के माध्यम से सरकार का ध्यान आकृष्ट कराया था. विधायक मंजीत सिंह ने सदन में कहा था कि सासामुसा चीनी मिल क्षेत्र के किसानों का करीब 43 करोड़ रुपये, मिल कर्मियों का 9.50 करोड़ रुपये और बैंक का 68.40 करोड़ रुपये बकाया है. उन्होंने कहा कि मिल के लगभग 80 प्रतिशत कल-पुर्जे अभी भी बेहतर स्थिति में हैं, इसके बावजूद एनसीएलटी, कोलकाता के आदेश के तहत मात्र 17.64 करोड़ रुपये में मिल के कल-पुर्जों की नीलामी की गई है.

नीलामी प्रक्रिया रोककर मिल संचालन की मांग

विधायक ने सरकार से मांग की थी कि मिल की नीलामी प्रक्रिया को तत्काल स्थगित किया जाए और इसे पुनः शुरू कराने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएं. इसके साथ ही किसानों, मजदूरों और बैंक के बकाये का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने की मांग भी की गई थी. सरकार की ओर से गन्ना मंत्री संजय पासवान ने सदन में बताया कि यह मामला फिलहाल एनसीएलटी, कोलकाता में लंबित है. उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को 42.80 करोड़ रुपये का भुगतान करेगी.

बंद चीनी मिलों को चालू करना सरकार की प्राथमिकता

पूरक प्रश्न के जवाब में गन्ना मंत्री ने कहा कि राज्य की बंद पड़ी सभी चीनी मिलों को पुनः चालू करना मुख्यमंत्री का ड्रीम प्रोजेक्ट है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि सासामुसा चीनी मिल को भी हर हाल में संचालित किया जाएगा. विधानसभा अध्यक्ष ने निर्देश दिया कि गन्ना विभाग के मंत्री एक सप्ताह के भीतर विभागीय अधिकारियों और ध्यानाकर्षण प्रस्ताव लाने वाले सभी विधायकों के साथ बैठक कर इस मामले के समाधान पर विचार करें.

Also Read : तरैया में निजी विद्यालय का कर्कट तोड़कर चोरी, छह पंखे समेत कई सामान ले गए चोर



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sanjay Kumar Abhay

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >