Gopalganj Weather: (संजय कुमार अभय) गोपालगंज जिले में भीषण गर्मी का प्रकोप लगातार जारी है. मृगशिरा नक्षत्र के अंतिम चरण में तेज धूप और उमस ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है. गुरुवार को सुबह से ही चिलचिलाती धूप के कारण दोपहर तक सड़कें और बाजार सूने नजर आए. मजबूरी में घर से निकलने वाले लोग गमछा, तौलिया और रुमाल से चेहरा ढंककर सफर करते दिखे.
दोपहर में बाजार और सड़कें रहीं सूनी
तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण गांव की गलियां, चौक-चौराहे, कस्बाई बाजार और प्रमुख सड़कें दोपहर में लगभग खाली दिखीं. बस और अन्य वाहनों का इंतजार कर रहे यात्री भी गर्मी से बेहाल नजर आए. प्यास बुझाने के लिए लोग नींबू पानी, नारियल पानी, शरबत और अन्य ठंडे पेय का सहारा लेते रहे.
41.6 डिग्री तापमान, 47 डिग्री जैसी हुई गर्मी की अनुभूति
गुरुवार को जिले का अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस रहा. मौसम विशेषज्ञों के अनुसार लोगों को 47 डिग्री सेल्सियस जैसी गर्मी का अहसास हुआ. दिनभर लगभग 6 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चलती रहीं.
डॉक्टर की सलाह: लापरवाही पड़ सकती है भारी
सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. शशि रंजन प्रसाद ने बताया कि तेज गर्मी में लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है. शरीर में पानी की कमी होने पर ब्लड प्रेशर गिर सकता है और समय पर इलाज नहीं मिलने पर गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं.
उन्होंने लोगों को सलाह दी कि दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पीएं, ओआरएस और अन्य तरल पदार्थ लें तथा तरबूज, खरबूजा, खीरा, ककड़ी और नारियल पानी जैसे पानी से भरपूर खाद्य पदार्थों का सेवन करें.
अभी नहीं मिलेगी गर्मी से राहत
मौसम विज्ञानी डॉ. एस.एन. पांडेय ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में फिलहाल कोई विशेष मौसमी गतिविधि नहीं होने के कारण अगले पांच दिनों तक मानसून सक्रिय होने की संभावना नहीं है. ऐसे में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है तथा बारिश के आसार फिलहाल नहीं हैं.
गर्मी से बचने के लिए अपनाएं ये उपाय
सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें.
पर्याप्त मात्रा में पानी, ओआरएस और अन्य तरल पदार्थ पीते रहें.
हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें.धूप में निकलते समय छाता, टोपी या गमछे का प्रयोग करें.
बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों का विशेष ध्यान रखें.
लू के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें.
Also Read: औरंगाबाद में राजद का महाधरना, सांसद अभय कुशवाहा ने बढ़ते अपराध और महंगाई पर सरकार को घेरा
