आसमान में छाए काले बादलों ने कराया रात का एहसास, गरज-चमक के साथ हुई झमाझम बारिश

Gopalganj Weather: डेढ़ घंटे की बारिश में शहर की सड़कें बनी झील, नालों का पानी सड़कों पर बहा, 1963 के बाद 29 मई को अधिकतम तापमान 30 डिग्री पहुंचा, मौसम हुआ सुहाना

Gopalganj Weather: (संजय कुमार अभय) गोपालगंज में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया. सुबह करीब सात बजे आसमान में घने काले बादल छा गए और चारों तरफ अंधेरा सा माहौल बन गया. हालात ऐसे हो गए कि हाईवे पर वाहनों को लाइट जलाकर चलना पड़ा. सुबह के समय ही रात जैसा नजारा देखने को मिला. इसके बाद गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई.

भादो महीने जैसी बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत दी. पिछले कई दिनों से पड़ रही तेज गर्मी और लू से परेशान लोग बारिश के बाद राहत महसूस करते नजर आए. ठंडी हवाओं और बारिश से मौसम पूरी तरह सुहाना हो गया. हालांकि सुबह अपने जरूरी काम से निकले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. कई लोग बारिश से बचने के लिए दुकानों और छज्जों के नीचे शरण लेते दिखे. सबसे अधिक परेशानी सिविल कोर्ट जाने वाले वकीलों और मुवक्किलों को हुई.

डेढ़ घंटे में 45 एमएम बारिश दर्ज

जिले में करीब डेढ़ घंटे तक हुई बारिश के दौरान 45 एमएम वर्षा रिकॉर्ड की गई. मौसम विज्ञानी डॉ. एस.एन. पांडेय ने बताया कि वर्ष 1963 के बाद पहली बार 29 मई को अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जबकि न्यूनतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस रहा. आर्द्रता 34 प्रतिशत दर्ज की गई.

शहर की सड़कें हुई जलमग्न

बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई. रजिस्ट्री कचहरी परिसर, शिक्षा विभाग कार्यालय, सदर अस्पताल कैंपस, जादोपुर रोड, जनता सिनेमा रोड, चंद्रगोकुल रोड, लखपतिया चौक जाने वाली सड़क तथा खाली स्थान रोड पानी में डूब गए.

नालों और सीवर की समय पर सफाई नहीं होने के कारण नालों का गंदा पानी सड़कों पर बहने लगा, जिससे लोगों को नारकीय स्थिति का सामना करना पड़ा. कई जगहों पर सड़कें नाले में तब्दील हो गईं.

अगले 72 घंटे तक मौसम खराब रहने के आसार

मौसम विभाग ने अगले 72 घंटे तक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहने की संभावना जताई है. विभाग के अनुसार इस दौरान आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. विभाग ने ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है.

Also Read: दाउदनगर की आजीविका दीदियों का नगर पर्षद के खिलाफ मोर्चा; मानदेय नहीं, काम बंद, अब आंदोलन की राह

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vivek Pandey

विवेक रंजन पांडेय का जन्म और पालन-पोषण बिहार के गौरवशाली इतिहास और ज्ञान की भूमि नालंदा में हुआ. इसी पावन धरती के संस्कारों ने उन्हें समाज और व्यवस्था को गहराई से देखने का नजरिया दिया. पत्रकारिता के प्रति अपने जुनून को करियर बदलने के लिए उन्होंने पटना के आर्यभट्ट विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की डिग्री हासिल की. पिछले 7 वर्षों से टीवी चैनल के जरिए रिपोर्टिंग फील्ड में लगातार सक्रिय हैं. Network 10 National News Channel से करियर की शुरुआत की. उसके बाद कई संस्थानों में काम किया. शिक्षा और राजनीति के साथ कृषि, महिला सुरक्षा से जुड़े मुद्दे पर विशेष रूचि रखते हैं. पत्रकारिता की बारीकियों को सीखा और ग्राउंड जीरो पर रहकर जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया. वर्तमान में Prabhat Khabar के माध्यम से बिहार की खबरों को एक नया आयाम दे रहे हैं. वे बिहार की राजनीति के साथ-साथ देश की सियासी हलचलों पर भी पैनी नजर रखते हैं. अपने शानदार करियर में उन्होंने ​बिहार के वर्तमान मुख्यमंत्री जब वह उप मुख्यमंत्री थे तब इंटरव्यू किया. इसके साथ कैबिनेट के अधिकांश प्रमुख मंत्रियों का विशेष इंटरव्यू किया है. ​बिहार के शीर्ष नेताओं और नौकरशाहों को बहुत करीब से देखा, समझा और उनकी नीतियों का निष्पक्ष विश्लेषण किया. ​जटिल राजनीतिक घटनाक्रमों को बेहद सरल भाषा में जनता के सामने पेश किया है.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >