गोपालगंज: उर्दू में बेहतर अंक लाने वाले 73 छात्र-छात्राएं सम्मानित, रोजगार के अवसरों पर चर्चा

एम.एम. मेमोरियल उर्दू हाई स्कूल, तुरकहां में फरोग़-ए-उर्दू कारवां द्वारा आयोजित कार्यक्रम में बिहार विद्यालय परीक्षा समिति में उर्दू में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 73 छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया. इस अवसर पर उर्दू शिक्षा के प्रसार और रोजगार की संभावनाओं पर महत्वपूर्ण चर्चाएं हुईं.

Urdu Student Awards: एम.एम. मेमोरियल उर्दू हाई स्कूल, तुरकहां में फरोग़-ए-उर्दू कारवां के तत्वावधान में बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की परीक्षा में उर्दू विषय में विशिष्ट अंक हासिल करने वाले 73 छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता मुहम्मद खुर्शीद आलम ने की, जबकि जिला समाज कल्याण पदाधिकारी नीलम कुमारी मिश्रा मुख्य अतिथि रहीं.

उर्दू शिक्षा और रोजगार के अवसरों पर हुई चर्चा

कार्यक्रम में उर्दू भाषा एवं साहित्य के प्रचार-प्रसार, उर्दू शिक्षा के महत्व, उच्च शिक्षा और रोजगार की संभावनाओं पर वक्ताओं ने अपने विचार रखे. प्रभारी उर्दू सेल मुहम्मद साहब जान, प्रसिद्ध शायर प्रो. शरफुद्दीन शरफ, प्रधानाचार्य नियाज अहमद, सेवानिवृत्त शिक्षक खुर्शीद आलम, शेख शाह आजाद और मौलाना मुहम्मद हामिद नदवी समेत कई शिक्षक, साहित्यकार और बुद्धिजीवी मौजूद रहे.

प्रो. शरफुद्दीन शरफ ने विद्यार्थियों को उर्दू के साथ फारसी भाषा का अध्ययन करने की सलाह दी. डॉ. शफीउज्जमां नदवी ने कहा कि उर्दू पढ़ने वाले विद्यार्थियों को हीन भावना से बचना चाहिए. उन्होंने कहा कि उर्दू के माध्यम से शिक्षा, शोध, पत्रकारिता, अनुवाद और अध्यापन सहित कई क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध हैं.

उर्दू को सभ्यता, संस्कृति और पहचान की भाषा बताया

शेख शाह आजाद ने उर्दू को सभ्यता, संस्कृति और पहचान की भाषा बताया. अशरफुल इस्लाम नदवी ने अभिभावकों से बच्चों को उर्दू शिक्षा के लिए प्रेरित करने की अपील की. मौलाना हामिद नदवी ने विभिन्न विश्वविद्यालयों में उर्दू से जुड़े उच्च शिक्षा पाठ्यक्रमों की जानकारी विद्यार्थियों को दी.

हर घर से हो उर्दू के प्रचार-प्रसार की शुरुआत

मुख्य अतिथि नीलम मिश्रा ने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि उर्दू के प्रचार-प्रसार की शुरुआत हर घर से होनी चाहिए. उन्होंने फरोग़-ए-उर्दू कारवां की पहल की सराहना करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की.

73 विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर किया सम्मानित

कार्यक्रम का संचालन उर्दू शिक्षक वजीहुल हक ने किया. कार्यक्रम की शुरुआत कुरआन की तिलावत से हुई. अतिथियों का शॉल और पुष्पमाला से स्वागत किया गया. विद्यार्थियों की ओर से नौनित कुमार, सोली सभा और सारा शेख ने भी अपने विचार रखे.

अंत में उर्दू विषय में बेहतर प्रदर्शन करने वाले 73 छात्र-छात्राओं को पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किया गया. आयोजकों ने अतिथियों और सहयोगियों के प्रति आभार जताते हुए उर्दू भाषा के प्रचार-प्रसार का अभियान आगे भी जारी रखने का संकल्प लिया.

इसे भी पढ़ें: उपेंद्र कुशवाहा का आया बयान, तेजस्वी भी समर्थन में; पटना के आंदोलनकारी छात्र सड़क पर उतरने को तैयार


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मनीष राज

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >