गोपालगंज से मनीष राज की रिपोर्ट
Gopalganj Sadar Hospital: गोपालगंज सदर अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है. इमरजेंसी वार्ड में भर्ती मरीजों को समय पर ऑक्सीजन नहीं मिलने से गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई. अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट होने के बावजूद तकनीशियन की कमी के कारण मरीजों को परेशानी झेलनी पड़ रही है.
घायल महिला को आधे घंटे तक नहीं मिली ऑक्सीजन
जानकारी के अनुसार, कुचायकोट थाना क्षेत्र के राजापुर गांव निवासी तारकेश्वर सिंह की पत्नी रूपा देवी सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गई थीं. उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया. परिजनों का आरोप है कि भर्ती के बाद करीब आधे घंटे तक ऑक्सीजन उपलब्ध नहीं कराई गई. हालत बिगड़ती देख परिजन उन्हें निजी क्लीनिक लेकर चले गए.
बुजुर्ग मरीज भी ऑक्सीजन के लिए रहे परेशान
इसी दौरान सासामुसा गांव निवासी 70 वर्षीय रघुनाथ ठाकुर को भी समय पर ऑक्सीजन नहीं मिल सकी. परिजनों के अनुसार, इमरजेंसी वार्ड में तैनात कर्मियों की लापरवाही के कारण मरीजों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा.
ऑक्सीजन सिलेंडर लाने में लगी एक घंटे की देरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इमरजेंसी वार्ड में तैनात दो फोर्थ ग्रेड कर्मचारी करीब एक घंटे तक ऑक्सीजन सिलेंडर लाने के लिए बाहर रहे. इस दौरान कई मरीजों की हालत बिगड़ती रही और परिजनों में अस्पताल प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ गई.
ऑक्सीजन प्लांट होने के बावजूद नहीं मिल रही सुविधा
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री केयर्स फंड (PM CARES Fund) से सदर अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट स्थापित किया गया है. हालांकि सिविल सर्जन डॉ. वीरेन्द्र प्रसाद ने बताया कि तकनीशियन की कमी के कारण प्लांट को चालू नहीं किया जा सका है. इससे अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं और प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं.
इसे भी पढ़ें: अभिनेता पंकज त्रिपाठी के बड़े भाई पर जानलेवा हमला, गंभीर हालत में पटना रेफर
