Gopalganj News : गोपालगंज विधानसभा क्षेत्र की जर्जर सड़कों का मुद्दा एक बार फिर बिहार विधानसभा में प्रमुखता से उठा. क्षेत्रीय विधायक सुभाष सिंह ने सदन में गोपालगंज–जादोपुर मार्ग और जादोपुर–बरसीला–थावे–लाइन बाजार मार्ग की खराब स्थिति का मुद्दा उठाते हुए सरकार से इनके शीघ्र उन्नयन की मांग की.
गोपालगंज–जादोपुर मार्ग के लिए निविदा प्रक्रिया जारी
विधायक ने कहा कि गोपालगंज–जादोपुर मार्ग लंबे समय से जर्जर स्थिति में है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. इस पर सरकार की ओर से बताया गया कि एनएच-27 से लखपतिया मोड़ तक पीक्यूसी सड़क और नाली निर्माण के लिए निविदा प्रक्रिया चल रही है तथा जल्द ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा. साथ ही तकनीकी व्यवहार्यता, संसाधनों की उपलब्धता और प्राथमिकता के आधार पर भविष्य में इस मार्ग को दो लेन में चौड़ा करने की दिशा में भी कार्रवाई की जाएगी.
दूसरे मार्ग के उन्नयन की प्रक्रिया भी होगी शुरू
जादोपुर–बरसीला–थावे–लाइन बाजार मार्ग को लेकर सरकार ने स्पष्ट किया कि यह सड़क ग्रामीण कार्य विभाग के अधीन है. विभागीय नीति और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार इस सड़क के उन्नयन की दिशा में आगे कार्रवाई की जाएगी.
सड़कें विकास की रीढ़ हैं: विधायक
विधानसभा में अपनी बात रखते हुए विधायक सुभाष सिंह ने कहा कि सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास की रीढ़ होती हैं. इन मार्गों के बेहतर होने से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक लोगों की पहुंच भी आसान होगी.
निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग
विधायक ने सरकार से दोनों सड़कों के निर्माण और उन्नयन कार्य में तेजी लाने की मांग की. उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से गोपालगंज के लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के विकास को नई गति प्राप्त होगी.
Also Read : विधानसभा में गूंजा बड़हरिया की जर्जर सड़कों का मुद्दा, विधायक इंद्रदेव सिंह पटेल ने की निर्माण की मांग
