Gopalganj Railway Protest: मीरगंज शहर में बेहतर रेल कनेक्टिविटी, नई रेल लाइन और महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर सोमवार को ‘मीरगंज नागरिक अधिकार मंच’ के बैनर तले स्थानीय लोगों ने हथुआ रेलवे स्टेशन परिसर में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया. इस दौरान क्षेत्र के दर्जनों गांवों के लोग, दैनिक यात्री, छात्र और व्यापारी बड़ी संख्या में शामिल हुए.
सुबह 7 बजे से 10 बजे तक चला धरना
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार धरना सुबह 7:00 बजे शुरू हुआ और 10:00 बजे तक शांतिपूर्ण ढंग से चला. प्रदर्शनकारियों ने रेलवे प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ नाराजगी जताते हुए क्षेत्र की वर्षों पुरानी रेल संबंधी मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की.
एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की प्रमुख मांग
धरना को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि हथुआ जंक्शन इस इलाके का महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन है, लेकिन एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव नहीं होने से यात्रियों को काफी परेशानी होती है. छात्रों, व्यापारियों और मरीजों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए दूसरे जिलों के रेलवे स्टेशनों पर निर्भर रहना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी होती है.
रेल मंत्रालय को सौंपा छह सूत्री ज्ञापन
धरना के दौरान नागरिक अधिकार मंच ने रेलवे प्रशासन और रेल मंत्रालय को छह सूत्री मांग पत्र सौंपा. प्रमुख मांगें इस प्रकार हैं—
- हथुआ जंक्शन से पंचदेवरी होते हुए भटनी जंक्शन तक नई रेल लाइन का निर्माण जल्द पूरा किया जाए.
- ट्रेन संख्या 18181/18182 टाटा-थावे एक्सप्रेस का हथुआ जंक्शन पर स्थायी ठहराव दिया जाए.
- अमृत भारत एक्सप्रेस (15133/15134) का भी हथुआ जंक्शन पर स्टॉपेज सुनिश्चित किया जाए.
- थावे-सीवान पैसेंजर (55038) के समय में बदलाव कर दोपहर 12 बजे संचालित किया जाए.
- सीवान से खुलने वाली वैशाली एक्सप्रेस, संपर्क क्रांति एक्सप्रेस और पूर्वांचल एक्सप्रेस से बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित की जाए.
- पंचदेवरी से पटना जंक्शन के लिए नई ट्रेन सेवा शुरू की जाए.
मांगें नहीं मानी गईं तो होगा उग्र आंदोलन
धरना के समापन पर मीरगंज नागरिक अधिकार मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि रेलवे बोर्ड और पूर्व मध्य रेलवे प्रशासन ने जल्द ही इन जनहित की मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो क्षेत्र की जनता चक्का जाम और अनिश्चितकालीन रेल रोको आंदोलन शुरू करने को मजबूर होगी. इसकी पूरी जिम्मेदारी रेलवे प्रशासन की होगी.
इसे भी पढ़ें: बांकीपुर से चुनाव लड़ेंगे प्रशांत किशोर, नितिन नवीन के गढ़ में बीजेपी को देंगे चुनौती
