गोपालगंज में पीएम आवास योजना के 7 लाभुकों को मिली घर की चाबी, 7 को स्वीकृति पत्र

Pradhan Mantri Awas Yojana-Gramin: गोपालगंज में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत सात जरूरतमंद परिवारों को पक्के घर की चाबी सौंपी गई. शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने योजना को सम्मानजनक जीवन का आधार बताया. कार्यक्रम में आवास निर्माण के अलावा अन्य सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई.

Pradhan Mantri Awas Yojana-Gramin: प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत आवासहीन एवं जरूरतमंद ग्रामीण परिवारों को पक्का और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने की दिशा में केंद्र और राज्य सरकार की पहल जारी है. इसी क्रम में गुरुवार को बापू सभागार, पटना से आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से गोपालगंज समाहरणालय सभागार में किया गया.

कार्यक्रम में केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान और बिहार के मुख्यमंत्री ने राज्यभर के लाभुकों को आवास स्वीकृति पत्र एवं पूर्ण आवास की चाबी वितरित की तथा नये आवास निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया. गोपालगंज में शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी और विधायक राम सेवक सिंह ने लाभुकों को योजना का लाभ प्रदान किया.

सात परिवारों को मिली पक्के घर की चाबी

सदर प्रखंड के सात लाभुकों को पूर्ण आवास की चाबी सौंपी गयी. चाबी प्राप्त करते समय लाभुकों के चेहरे पर पक्का घर मिलने की खुशी साफ दिखाई दी. इसके अलावा सात लाभुकों को आवास निर्माण के लिए स्वीकृति पत्र तथा 26 चिन्हित लाभुकों को शुभकामना संदेश प्रदान किया गया.

आवास सम्मानजनक जीवन का आधार : मिथिलेश तिवारी

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के आवासहीन और कमजोर आर्थिक स्थिति वाले परिवारों को सुरक्षित, टिकाऊ और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना है. उन्होंने कहा कि पक्का घर मिलने से परिवारों को प्राकृतिक आपदाओं से सुरक्षा के साथ बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और जीवन स्तर में भी सकारात्मक सुधार होता है.

पारदर्शी तरीके से पहुंचे योजना का लाभ : राम सेवक सिंह

विधायक राम सेवक सिंह ने कहा कि यह योजना गरीब और वंचित परिवारों के प्रति सरकार की संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता का उदाहरण है. उन्होंने कहा कि बिहार सरकार की प्राथमिकता है कि सभी पात्र परिवारों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचे.

अभिसरण योजनाओं की भी दी गयी जानकारी

कार्यक्रम में लाभुकों को आवास निर्माण की प्रक्रिया, गुणवत्ता और तकनीकी मानकों की जानकारी दी गयी. साथ ही स्वच्छ भारत मिशन, मनरेगा, हर घर नल का जल, विद्युत, उज्ज्वला योजना समेत अन्य सरकारी योजनाओं के अभिसरण से मिलने वाले लाभों के बारे में भी बताया गया.

जिले में 80.7 प्रतिशत आवास निर्माण पूरा

जिला प्रशासन के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत जिले को 16,773 आवासों का लक्ष्य मिला था. इसके विरुद्ध अब तक 13,467 आवास पूर्ण किये जा चुके हैं, जो कुल लक्ष्य का 80.7 प्रतिशत है. शेष आवासों को विशेष अभियान चलाकर शीघ्र पूरा करने की बात कही गयी है.

चाबी मिलते ही लाभुकों ने जताया आभार

आवास की चाबी और स्वीकृति पत्र प्राप्त करने वाले लाभुकों ने बिहार सरकार और जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया. लाभुकों ने कहा कि पक्का घर उनके परिवार के लिए केवल मकान नहीं, बल्कि सुरक्षित और सम्मानजनक भविष्य की शुरुआत है.

अधिकारी और लाभुक रहे मौजूद

कार्यक्रम में डीएम समीर सौरभ, डीडीसी कुमार गौरव, अपर समाहर्ता राजेश्वरी पांडेय, निदेशक राकेश चौबे, डीपीआरओ धर्मेंद्र कुमार, डीईओ अमरेंद्र कुमार पांडेय, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. शशि प्रकाश राय सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी, संबंधित अधिकारी-कर्मी एवं प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के लाभुक उपस्थित रहे.

इसे भी पढ़ें:भोजपुर के नए SP अवधेश दीक्षित क्यों हैं चर्चा में? जानिए IPS काम्या मिश्रा से उनकी खास प्रेम कहानी


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजय कुमार अभय

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >