गोपालगंज: राष्ट्रीय वैश्य महासभा की जिला कमेटी एवं प्रखंड कमेटियों के विस्तार तथा नवनियुक्त पदाधिकारियों के सम्मान समारोह का आयोजन जिला अध्यक्ष एवं नगर परिषद के पूर्व चेयरमैन रामाधार प्रसाद की अध्यक्षता में किया गया. इस अवसर पर संगठन की 51 सदस्यीय नई जिला टीम की घोषणा की गई तथा नवनियुक्त पदाधिकारियों को मनोनयन पत्र और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया.
संगठन विस्तार पर दिया गया जोर
समारोह के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मोहन गुप्ता ने कहा कि संगठन को जिला स्तर से लेकर पंचायत स्तर तक मजबूत करना प्राथमिकता है. उन्होंने सभी पदाधिकारियों से संगठन विस्तार अभियान को गति देने का आह्वान किया.
विशिष्ट अतिथि बरौली चेयरमैन प्रतिनिधि सह पार्षद जितेंद्र प्रसाद ने कहा कि संगठन तभी मजबूत होगा, जब समाज के लोग एक-दूसरे के सुख-दुख में सहभागी बनेंगे. उन्होंने वैश्य समाज से राजनीतिक जागरूकता बढ़ाने और अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की.
युवाओं से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान
प्रदेश महासचिव सह प्रवक्ता रविरंजन प्रसाद ने कहा कि वैश्य समाज प्रदेश और देश की अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण शक्ति है. उन्होंने युवाओं से संगठन में सक्रिय भूमिका निभाने और सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया.
सभी प्रखंडों में अध्यक्ष और महासचिव का मनोनयन
जिला अध्यक्ष रामाधार प्रसाद ने बताया कि 51 सदस्यीय टीम के तहत सभी 14 प्रखंडों में अध्यक्ष एवं महासचिव का मनोनयन किया गया है, जबकि जिला कमेटी में 22 नए सदस्यों को शामिल किया गया है. उन्होंने कहा कि एक माह के भीतर सभी प्रखंडों एवं पंचायतों में संगठन की समितियों का गठन पूरा कर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाएगा.
कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष मनीष गुप्ता, नवीन वर्णवाल, प्रिंस वर्णवाल, मोहित कश्यप, प्रधान महासचिव सह प्रवक्ता मुकेश कुमार, कोषाध्यक्ष विजय गुप्ता, उपाध्यक्ष मोहन प्रसाद साव, जोगेश गुप्ता, पूर्व प्रखंड प्रमुख देवलाल साह, सूरज भूषण सोनी, मीरगंज चेयरमैन प्रतिनिधि अरुण केसरी, मीरगंज नगर अध्यक्ष बिनोद गुप्ता, गोपालगंज नगर अध्यक्ष अजय भास्कर, पूर्व मुखिया राघव गुप्ता, ललन गुप्ता, शंभू गुप्ता, महासचिव कृष्णा सोनी सहित विभिन्न प्रखंडों के नवनियुक्त अध्यक्ष, महासचिव एवं बड़ी संख्या में संगठन के कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
कार्यक्रम के अंत में प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को मनोनयन पत्र प्रदान किया गया तथा अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया.
Also Read: बिहार में सड़क हादसा हुआ तो बस 112 पर करें कॉल, मिलेगा 1.5 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज
