Gopalganj News : इस वर्ष जिले के 2240 छात्रों को मिलेगा चार-चार लाख का एजुकेशन लोन, प्रक्रिया शुरू

Gopalganj News : गोपालगंज. इंजीनियरिंग, मेडिकल, सामान्य स्नातक, पीजी, बीएड समेत अन्य उच्च शिक्षा की पढ़ाई के लिए बिहार सरकार की ओर से छात्रों को चार-लाख रुपये का एजुकेशन लोन दिया जाता है.

गोपालगंज. इंजीनियरिंग, मेडिकल, सामान्य स्नातक, पीजी, बीएड समेत अन्य उच्च शिक्षा की पढ़ाई के लिए बिहार सरकार की ओर से छात्रों को चार-लाख रुपये का एजुकेशन लोन दिया जाता है. बिहार या बिहार से बाहर के मान्यता प्राप्त कॉलेजों में उच्च शिक्षा ग्रहण करने वाले छात्रों को स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड पर यह लोन मिलता है, जिसे नौकरी लगने के बाद आसान किस्तों में वापस करना होता है.

छात्रों को किया जा रहा जागरूक

इस बार जिले के 2240 छात्रों एजुकेशन लोन देने का लक्ष्य रखा गया है. लोन देने के लिए विभाग ने भी तैयारी पूरी कर ली है. जिले के सभी डिग्री, पोलिटेक्निक तथा इंजीनियरिंग कॉलेजों में इसको लेकर छात्रों को जागरूक किया जा रहा है. 2240 छात्रों को शिक्षा ऋण देने का लक्ष्य 31 मार्च 2026 तक पूरा करना है. इस वित्तीय वर्ष में अब तक कुल 330 आवेदन आये हैं, जिसमें 218 आवेदन स्वीकृत हो गये हैं.

अधिकतम चार लाख रुपये का मिलेगा लोन

उच्च शिक्षा ग्रहण कर रहे छात्रों को अधिकतम चार लाख रुपये का लोन दिया जायेगा. सामान्य स्नातक करने वाले छात्रों को प्रतिवर्ष लगभग एक लाख 40 हजार तथा इंजीनियरिंग या टेक्निकल कोर्स के छात्रों को प्रतिवर्ष चार लाख तक का लोन मिलेगा. इसमें किताब के लिए 10 हजार, रहने व खाने के लिए 36 हजार, टेक्निकल कोर्स वाले छात्रों को लैपटॉप के लिए 35 हजार तथा कॉलेज का ट्यूशन फीस शामिल है.

ऐसी है आवेदन की प्रक्रिया

लोन लेने के लिए छात्रों को पहले राज्य सरकार की वेबसाइट www.7nishchay-yuvaupmission.bih.gov.in युवा पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा. इसके बाद जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र (डीआरसीसी) पर जाकर आवेदन पत्र का सत्यापन तथा निबंधन कराना होगा. इसके बाद छात्र कागजात को डीआरसीसी परिसर में ही स्थित बिहार राज्य शिक्षा वित्त निगम के कार्यालय में सत्यापन करायेंगे. सत्यापन के बाद से लोन की स्वीकृति दी जायेगी. इसके बाद छात्रों को अभिभावकों के साथ जाकर एग्रीमेंट कराना होगा. तब कागजात को विभाग के मुख्यालय में भेजा जायेगा, जहां से छात्र या उनके कॉलेज के खाते में लोन की राशि भेज दी जायेगी.

अब तक 7064 छात्रों को मिल चुका है लाभ, 2.44 अरब लोन की स्वीकृति

बिहार सरकार की ओर से स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड पर एजुकेशन लोन देने की योजना 2018 से ही शुरू हुई है. अब तक जिले भर के सात हजार 64 छात्र- छात्राओं को लोन का लाभ मिल चुका है. जिसमें दो अरब 44 करोड़ 26 लाख 15 हजार 740 रुपये का लोन छात्रों को दिया गया है. प्रति वर्ष अलग-अलग लक्ष्य विभाग के राज्य मुख्यालय की ओर से तय किये जाते हैं. जिसे स्थानीय स्तर पर पूरा किया जाता है. पिछले वर्ष विभाग की ओर से जिले में 2490 छात्रों को लोन देने का लक्ष्य रखा गया था.

क्या कहते हैं अधिकारी

इस संबंध में सहायक प्रबंधक, बिहार राज्य शिक्षा वित्त निगम विनोद किरण ने बताया कि एजुकेशन लोन लेने की प्रक्रिया काफी आसान है. किसी भी जानकारी के लिए छात्र डीआरसीसी में संपर्क कर सकते हैं. यहां बिना किसी शुल्क के ऑनलाइन आवेदन की भी सुविधा है. लोन के लिए कॉलेज के छात्रों को जागरूक किया जा रहा है. रुपये की कमी के कारण छात्रों की पढ़ाई बाधित नहीं हो, इसके लिए सरकार लोन दे रही है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: GURUDUTT NATH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >