Gopalganj News : क्लासिकल स्वाइन फीवर को लेकर पशुपालन विभाग अलर्ट

Gopalganj News : 3759 सुअरों के टीकाकरण का रखा गया लक्ष्य

Gopalganj News (विकास दुबे) : जिले में सुअरों में तेजी से फैलने वाली खतरनाक बीमारी क्लासिकल स्वीन फीवर को लेकर पशुपालन विभाग पूरी तरह अलर्ट हो गया है. बीमारी के फैलाव को रोकने और पशुपालकों को बड़े आर्थिक नुकसान से बचाने के लिए जिलेभर में विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है. केंद्र प्रायोजित पशुधन स्वास्थ्य एवं रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत 19 मई से 2 जून तक जिले के सभी प्रखंडों में सुअरों को निशुल्क सीएसएफ-सीपी टीका लगाया जा रहा है. पशुपालन विभाग की टीम गांव-गांव जाकर सुअरों का टीकाकरण कर रही है. पशुपालन पदाधिकारी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि जिले में 3759 से अधिक सुअर हैं, जिन्हें इस अभियान के तहत टीका करने का लक्ष्य रखा गया है. विभाग का कहना है कि यदि समय रहते टीकाकरण नहीं कराया गया, तो बीमारी तेजी से फैल सकती है और बड़ी संख्या में सुअरों की मौत हो सकती है. इससे पशुपालकों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ सकता है.

बीमारी फैलने पर अचानक मरने लगते हैं सुअर

पशु चिकित्सकों ने बताया कि क्लासिकल स्वीन फीवर सुअरों में फैलने वाली बेहद गंभीर और संक्रामक बीमारी है. यह बीमारी एक संक्रमित सुअर से दूसरे सुअर में तेजी से फैलती है. बीमारी होने पर सुअरों में तेज बुखार, कमजोरी, खाना छोड़ देना, शरीर पर लाल चकत्ते पड़ना और अचानक मौत जैसे लक्षण दिखाई देने लगते हैं. उनका कहना है कि मौसम बदलने और बारिश के दौरान संक्रमण फैलने का खतरा और बढ़ जाता है. इसी को देखते हुए पूरे जिले में विशेष सतर्कता बरती जा रही है. पशुपालकों को अपने पशुओं की साफ-सफाई रखने और बीमार सुअर दिखने पर तुरंत नजदीकी पशु अस्पताल या विभागीय टीम को सूचना देने की सलाह दी गयी है.

गांवों में पहुंच रही चिकित्सकों और कर्मियों की टीम

टीकाकरण अभियान को लेकर पशुपालन विभाग की टीम लगातार गांवों का दौरा कर रही है. पशु चिकित्सकों, पशुधन सहायकों और विभागीय कर्मियों को अलग-अलग क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी गयी है. कई जगहों पर शिविर लगाकर भी टीकाकरण किया जा रहा है. टीम सिर्फ टीका लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि पशुपालकों को बीमारी के लक्षण, बचाव के उपाय और पशुओं की देखभाल को लेकर भी जागरूक कर रही है. विभाग का कहना है कि कई पशुपालक बीमारी की जानकारी नहीं होने के कारण समय पर इलाज या टीकाकरण नहीं करा पाते, जिससे नुकसान बढ़ जाता है.

एक भी सुअर छूटे नहीं, इस पर विभाग की नजर

जिला पशुपालन पदाधिकारी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि यह अभियान पूरी तरह निशुल्क चलाया जा रहा है और जिले के सभी प्रखंडों में टीकाकरण कार्य तेजी से जारी है. विभाग की कोशिश है कि एक भी सुअर टीकाकरण से वंचित नहीं रहे. उन्होंने बताया कि अभियान की प्रतिदिन मॉनिटरिंग की जा रही है. प्रत्येक प्रखंड से टीकाकरण की रिपोर्ट ली जा रही है और जहां जरूरत पड़ रही है, वहां अतिरिक्त टीम भेजी जा रही है. विभागीय अधिकारियों को साफ निर्देश दिया गया है कि अभियान में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए.

पशुपालकों से सहयोग करने की है अपील

पशुपालन विभाग ने जिले के सभी पशुपालकों से अपील की है कि वे अपनी सुविधा के अनुसार विभागीय टीम से संपर्क कर अपने सुअरों का टीकाकरण जरूर कराएं. अधिकारियों का कहना है कि समय पर लगाया गया टीका ही इस बीमारी से सबसे बड़ा बचाव है. यदि सभी सुअरों का समय पर टीकाकरण हो गया, तो जिले में बीमारी फैलने का खतरा काफी हद तक कम हो जाएगा और पशुपालकों को बड़े नुकसान से बचाया जा सकेगा.

Also Read : Siwan News : विश्व पर्यावरण दिवस पर सीवान जंक्शन में चला स्वच्छता अभियान

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Yuvraj Ratan

पटना जन्मस्थली है मेरी, निष्पक्ष, तथ्यात्मक और जनहित आधारित पत्रकारिता में विश्वास करता हूं. वर्तमान में मेरा उद्देश्य बिहार के स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाना और पाठकों तक सत्यापित जानकारी पहुंचाना है. किसी भी समाचार को प्रकाशित करने से पहले उपलब्ध तथ्यों और स्रोतों का सत्यापन करना मेरी प्राथमिकता है. पाठकों को विश्वसनीय, निष्पक्ष और जनहितकारी जानकारी उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध हूं.

प्राथमिक शिक्षा संत जेवियर्स हाई स्कूल, पटना से पूरी करने के बाद संत जेवियर्स कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नॉलजी से बैचलर्स ऑफ मास कम्यूनिकेशन से स्नातक किया हूं. 2020 से पटना स्थित मीडिया संस्थान न्यूज 4 नेशन में एंकर सह प्रोड्यूसर के पद पर डेढ़ वर्षों तक काम किया. इसके उपरांत जून 2022 से इंडियन पॉलिटिकल एक्शन कमिटी (I-PAC) में सीनियर एग्जीक्यूटिव के पद पर रहते हुए डिजिटल कम्यूनिकेशन टीम में कार्य करने का मौका मिला. वर्तमान में प्रभात खबर में कंटेंट राइटर के पद पर हूं इसके माध्यम से नागरिकों के पास तथ्यात्मक और सही सूचनाएँ, खबर और अपडेट देने का कार्य कर रहा हूं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >