Gopalganj News (अखिल कुमार) : मांझा थाना क्षेत्र के भवानीगंज गांव स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में मिट्टी भराई को लेकर दो समुदायों के बीच विवाद उत्पन्न होने के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया है. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए विवादित स्थल पर मिट्टी भराई का कार्य बंद करा दिया है तथा शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 लागू कर दी है. प्रशासनिक अधिकारियों एवं पुलिस बल की मौजूदगी में पूरे मामले पर लगातार नजर रखी जा रही है.जानकारी के अनुसार भवानीगंज गांव स्थित दुर्गा मंदिर परिसर से सटे क्षेत्र में एक समुदाय के लोगों द्वारा मिट्टी भराई का कार्य कराया जा रहा था. इसी दौरान दूसरे समुदाय के लोगों ने उक्त भूमि को लेकर आपत्ति दर्ज कराई. देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई. मामले की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे तथा दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर तत्काल कार्य को रोक दिया.
500 मीटर क्षेत्र में धारा 163 लागू
प्रशासन द्वारा की गई प्रारंभिक जांच और स्थल निरीक्षण में यह बात सामने आई कि विवादित भूमि के एक हिस्से में दुर्गा मंदिर, छठ घाट एवं धार्मिक गतिविधियों से जुड़े स्थल मौजूद हैं, जबकि दूसरे हिस्से में गड्ढा तथा नदी जैसी भौगोलिक संरचना है. भूमि की प्रकृति और उसके उपयोग को लेकर दोनों पक्षों के अलग-अलग दावे सामने आने के कारण स्थिति संवेदनशील बन गई है. अधिकारियों ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और भूमि से संबंधित अभिलेखों की भी जांच कराई जाएगी.विवाद बढ़ने की आशंका को देखते हुए अनुमंडल पदाधिकारी ने एहतियातन घटनास्थल के आसपास 500 मीटर की परिधि में बीएनएसएस की धारा 163 लागू करने का आदेश जारी किया है.
निषेधाज्ञा उल्लंघन पर होगी कानूनी कार्रवाई
आदेश के अनुसार निर्धारित क्षेत्र में एक साथ पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने पर प्रतिबंध रहेगा.इसके अलावा किसी भी व्यक्ति को अग्नेयास्त्र, विस्फोटक पदार्थ, लाठी-डंडा अथवा अन्य घातक हथियार लेकर चलने की अनुमति नहीं होगी.प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.स्थानीय प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है. पुलिस जवानों द्वारा लगातार गश्त की जा रही है तथा संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है.अधिकारियों ने दोनों समुदायों के गणमान्य लोगों के साथ बैठक कर शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील भी की है. प्रशासन का प्रयास है कि किसी भी प्रकार की अफवाह या गलत सूचना के कारण माहौल खराब न होने पाए.
प्रशासन ने की नागरिकों से अपील
इस बीच सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक सूचनाओं को लेकर भी प्रशासन सतर्क है. अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अपुष्ट सूचना पर विश्वास न करें और न ही उसे साझा करें. किसी प्रकार की समस्या या सूचना होने पर सीधे प्रशासन अथवा पुलिस को अवगत कराएं. प्रशासन ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना सभी नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है और किसी भी व्यक्ति को सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी. ग्रामीणों के अनुसार दुर्गा मंदिर और छठ घाट क्षेत्र की धार्मिक आस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण स्थल है, जहां विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित होते रहते हैं. ऐसे में भूमि को लेकर उत्पन्न विवाद को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने की आवश्यकता है.
दो समुदायों के बीच भाईचारे की उम्मीद, जांच के बाद निर्णय की मांग
गांव के कई लोगों ने प्रशासन के हस्तक्षेप का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि जांच के बाद निष्पक्ष निर्णय लिया जाएगा और दोनों समुदायों के बीच आपसी भाईचारा कायम रहेगा.फिलहाल प्रशासन की तत्परता और पुलिस की सक्रिय निगरानी के कारण स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है. हालांकि एहतियात के तौर पर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है.अधिकारी लगातार हालात की समीक्षा कर रहे हैं तथा लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहे हैं. प्रशासन का कहना है कि मामले का समाधान कानून एवं उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर किया जाएगा और किसी भी पक्ष के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा.
Also Read : सीवान: सरकारी भूमि पर कब्जे का आरोप, ग्रामीणों ने प्रशासन से लगाई गुहार
