Gopalganj News (अवधेश कुमार राजन) : पं दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान के तहत गोपालगंज के प्रशिक्षण अभियान के दूसरे दिन वाल्मीकिनगर स्थित वाल्मीकि कन्वेंशन सेंटर में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित किया. सरावगी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की संगठनात्मक रणनीति में “संगठन और सरकार के बीच समन्वय” को विशेष महत्व दिया जाता है. उन्होंने बताया कि पार्टी का मानना है कि सरकार और संगठन दोनों की भूमिकाएं अलग होने के बावजूद एक-दूसरे की पूरक हैं. सरकार के मंत्री और संगठन के पदाधिकारी समय-समय पर बैठकों के माध्यम से योजनाओं, उपलब्धियों और चुनौतियों पर चर्चा करते हैं.
प्रशिक्षण अभियान में संगठन विस्तार और जनसंपर्क पर विशेष फोकस
उन्होंने कहा कि संगठन जनता के बीच जाकर सरकार की योजनाओं पर प्रतिक्रिया एकत्र करता है और उसे सरकार तक पहुंचाता है. वहीं संगठन सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का कार्य करता है. संगठन और सरकार दोनों का लक्ष्य जनता की सेवा और विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से लागू करना होता है. उन्होंने विशेष रूप से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, नए सदस्यों को जोड़ने और उन्हें प्रशिक्षित करने तथा सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क बनाए रखकर समाज के सभी वर्गों तक पहुंच बढ़ाने पर जोर दिया.
संगठन की मजबूती से विकसित बिहार का सपना होगा साकार : शिक्षा मंत्री
बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने भी प्रशिक्षण वर्ग को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी की कार्यपद्धति, संगठनात्मक संरचना और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता पर विचार करना अत्यंत महत्वपूर्ण है. उन्होंने पं दीनदयाल उपाध्याय जी के एकात्म मानववाद और अंत्योदय के विचारों को आज भी प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं के सतत प्रशिक्षण और जनहित के प्रति समर्पण के माध्यम से हम विकसित बिहार और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए निरंतर कार्यरत हैं.
कई नेताओं ने कार्यकर्ताओं को किया संबोधित
प्रशिक्षण महाभियान में भारत सरकार में राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे, भाजपा के राज्यसभा सदस्य, बार काउंसिल ऑफ इंडिया के चेयरमैन मनन मिश्रा एवं अनमोल शोभित ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया. इसी के साथ दो दिवसीय प्रशिक्षण महाभियान का समापन हुआ. इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष संदीप कुमार गिरि ने आमंत्रित सभी वक्ताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं का धन्यवाद ज्ञापित किया.
Also Read : गोपालगंज: बेटे को घेरने के बाद पिता पर किया गया हमला
