गोपालगंज में कोचिंग के लिए निकलीं पांच छात्राएं लापता, दिल्ली में मिली लोकेशन, पुलिस टीम रवाना

Gopalganj News: गोपालगंज शहर के साधु चौक इलाके से शनिवार को कोचिंग के लिए निकलीं पांच किशोरियां अचानक लापता हो गईं. देर शाम तक छात्राओं के घर न लौटने पर परिजनों ने नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस की तकनीकी जांच में सभी लड़कियों की लोकेशन दिल्ली में पाई गई है, जिसके बाद पुलिस की एक विशेष टीम उन्हें सकुशल बरामद करने के लिए दिल्ली रवाना हो गई है.

Gopalganj News (मनीष राज की रिपोर्ट): गोपालगंज शहर के साधु चौक इलाके में उस समय हड़कंप मच गया, जब कोचिंग पढ़ने के लिए गईं पांच किशोरियां अचानक लापता हो गईं. ये सभी छात्राएं आठवीं कक्षा से लेकर मैट्रिक (दसवीं) की पढ़ाई कर रही हैं. शनिवार को ये लड़कियां रोज की तरह अपने घरों से कोचिंग जाने के लिए निकली थीं. जब देर शाम तक वे घर वापस नहीं लौटीं, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई. परिवार वालों ने पूरी रात अपने स्तर से खोजबीन की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला, तो उन्होंने नगर थाना पुलिस को मामले की सूचना दी.

कोचिंग संस्थान पहुंची ही नहीं थीं छात्राएं

परिजनों की शिकायत मिलते ही नगर थाना पुलिस तुरंत एक्शन मोड में आ गई. पुलिस ने जब संबंधित कोचिंग संस्थान में जाकर जांच की, तो वहां से एक चौंकाने वाली जानकारी सामने आई. कोचिंग संचालक और शिक्षकों ने बताया कि शनिवार को इन पांचों छात्राओं में से कोई भी लड़की कोचिंग पढ़ने के लिए संस्थान में पहुंची ही नहीं थी. इस खुलासे के बाद परिजनों में किसी अनहोनी को लेकर डर और ज्यादा बढ़ गया है.

रील बनाने की शौकीन थीं किशोरियां

स्थानीय सूत्रों और जांच से मिली जानकारी के अनुसार, लापता हुई सभी किशोरियां आपस में बहुत अच्छी दोस्त हैं. ये सभी लड़कियां सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहती थीं और अक्सर रील बनाकर फेमस होने की कोशिश करती थीं. पुलिस इस बिंदु को भी अपनी जांच का एक अहम हिस्सा मानकर चल रही है कि कहीं रील बनाने या सोशल मीडिया के किसी संपर्क के चक्कर में तो वे घर से नहीं निकली हैं.

दिल्ली में मिली लोकेशन

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस का सहारा लिया. नगर थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार प्रभाकर ने बताया कि तकनीकी जांच और मोबाइल लोकेशन के आधार पर सभी लड़कियों की लोकेशन दिल्ली में ट्रैक की गई है. लोकेशन मिलते ही नगर थाना पुलिस की एक विशेष टीम को सभी छात्राओं की सकुशल बरामदगी के लिए दिल्ली रवाना कर दिया गया है. पुलिस हर संभावित एंगल से इस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है.

Also Read: गोपालगंज नाव हादसा: गंडक नदी से चौथे दिन मिला किशोरी का शव, सर्च ऑपरेशन अब भी जारी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vikas Jha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >