गोपालगंज के 15 डिग्री कॉलेजों में 9,952 सीटों पर होगा नामांकन, स्नातक के 21 विषयों में दाखिले का सुनहरा मौका

Gopalganj News: गोपालगंज में जयप्रकाश विश्वविद्यालय के तहत आने वाले 15 डिग्री कॉलेजों (4 अंगीभूत, 2 संबद्ध और 9 राजकीय) में चार वर्षीय स्नातक सत्र 2026-30 के लिए कुल 9,952 सीटों पर ऑनलाइन आवेदन शुरू हो गया है. छात्र समर्थ पोर्टल के जरिए 21 विषयों के लिए चॉइस भर रहे हैं. प्रखंड स्तर पर खुले नए 9 राजकीय कॉलेजों के कारण इस बार ग्रामीण छात्रों और खासकर बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए जिला मुख्यालय या बाहर नहीं जाना पड़ेगा. चयन पूरी तरह इंटर के अंकों और मेरिट के आधार पर होगा.

Gopalganj News(विकास दुबे): गोपालगंज जिले के इंटर पास छात्र-छात्राओं के लिए उच्च शिक्षा की राह अब और भी आसान हो गई है. जयप्रकाश विश्वविद्यालय के अधीन आने वाले गोपालगंज के 15 डिग्री कॉलेजों में सीबीसीएस (CBCS) आधारित चार वर्षीय स्नातक सत्र 2026-30 में नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. इस बार कुल 9,952 सीटों पर विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, वाणिज्य और ह्यूमैनिटी विभाग के 21 विषयों में दाखिला लिया जाएगा. इससे जिला मुख्यालय के साथ-साथ सुदूर ग्रामीण और प्रखंड स्तर के हजारों छात्र-छात्राओं को अपने घर के पास ही उच्च शिक्षा प्राप्त करने का एक बेहतरीन अवसर मिलेगा.

समर्थ पोर्टल से हो रहा ऑनलाइन आवेदन

स्नातक सत्र 2026-30 के लिए आवेदन की प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल कर दी गई है. छात्र-छात्राएं समर्थ पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन दर्ज कर रहे हैं. विद्यार्थियों को एक ही आवेदन शुल्क में अधिकतम तीन विषयों का चयन करने और प्रत्येक विषय के लिए कई कॉलेजों का विकल्प देने की सुविधा दी गई है. इससे छात्रों को उनकी पसंद के अनुसार कॉलेज और विषय मिलने की संभावना काफी बढ़ जाएगी.

कॉलेजों का वर्गीकरण और सीटों का गणित

जिले के कुल 15 डिग्री कॉलेजों को उनकी श्रेणी के अनुसार अलग-अलग विषयों की मान्यता दी गई है.  जिनमें से 6 प्रमुख कॉलेजों में विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, वाणिज्य और ह्यूमैनिटी के सभी 21 विषयों में नामांकन का विकल्प उपलब्ध रहेगा. ग्रामीण क्षेत्रों में खुले 9 नए राजकीय डिग्री कॉलेजों में फिलहाल सीमित संसाधनों के तहत 5 मुख्य विषयों (इतिहास, राजनीतिक विज्ञान, अर्थशास्त्र, हिंदी और अंग्रेजी) में ही दाखिला लिया जाएगा. आने वाले समय में यहाँ अन्य विषयों की पढ़ाई भी शुरू होने की संभावना है.

ग्रामीण क्षेत्र के छात्रों और बेटियों को मिलेगा विशेष लाभ

प्रखंड स्तर पर राजकीय डिग्री कॉलेजों के संचालन से सबसे बड़ी राहत ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को मिली है. अब सुदूर इलाके के छात्र-छात्राओं को स्नातक की पढ़ाई के लिए जिला मुख्यालय या दूसरे राज्यों/शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा, जिससे लंबी दूरी तय करने का समय और आर्थिक खर्च दोनों बचेगा. साथ ही स्थानीय स्तर पर कॉलेज उपलब्ध होने से अभिभावक भी बेहद खुश हैं. उनका मानना है कि घर के आसपास कॉलेज होने से अब बेटियों की उच्च शिक्षा बिना किसी सुरक्षा चिंता के बेहद सहजता से पूरी हो सकेगी.

करियर के खुलेंगे नए विकल्प, विज्ञान के छात्र भी ले सकेंगे कला में दाखिला

इस बार सीबीसीएस पैटर्न के तहत विद्यार्थियों को अपनी रुचि के अनुसार विषय चुनने का व्यापक अवसर मिल रहा है. इसके तहत विज्ञान संकाय से इंटर पास करने वाले विद्यार्थी विज्ञान के साथ-साथ आर्ट्स और कॉमर्स के विषयों में भी ऑनर्स के लिए आवेदन कर सकेंगे. इससे विद्यार्थियों के सामने करियर निर्माण के कई नए रास्ते खुलेंगे.

पूरी तरह पारदर्शी होगी चयन प्रक्रिया, मेरिट के आधार पर मिलेगा मौका

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, इस सत्र में नामांकन की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और डिजिटल होगी. छात्रों का चयन इंटरमीडिएट (12वीं) में प्राप्त अंकों, उनकी आरक्षण श्रेणी और कॉलेजों की प्राथमिकता (चॉइस) के आधार पर किया जाएगा. साथ ही विश्वविद्यालय द्वारा मेरिट लिस्ट जारी होने के बाद चयनित छात्र संबंधित कॉलेज में जाकर अपना दाखिला सुनिश्चित करा सकेंगे.

बता दें कि शिक्षा विभाग ने आवेदकों को सख्त हिदायत दी है कि आवेदन फॉर्म भरते समय अपनी सभी जानकारियां (जैसे अंक, जाति और कॉलेज चॉइस) बिल्कुल सही भरें और केवल वैध प्रमाण-पत्र ही अपलोड करें ताकि बाद में नामांकन रद्द न हो.

जिले के शिक्षाविदों का मानना है कि इन 15 कॉलेजों की 9,952 सीटें बड़ी संख्या में स्थानीय युवाओं को उच्च शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ेंगी, जिससे गोपालगंज के शैक्षणिक माहौल को एक नई और मजबूत दिशा मिलेगी.

Also Read: गोपालगंज में एनएच 27 पर ट्रक से टकराई शराब लदी बोलेरो, 26 लीटर देसी शराब बरामद

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aditya Kumar Ravi

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >