गोपालगंज में झमाझम बारिश से मौसम सुहाना, किसानों के लिए वरदान बनी बरसात

Gopalganj News: गोपालगंज में तेज बारिश से भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली. तापमान में 5 से 7 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई, जबकि धान की नर्सरी तैयार कर रहे किसानों के लिए यह बारिश किसी संजीवनी से कम नहीं मानी जा रही है.

Gopalganj News: (सुरेश कुमार राय) गोपालगंज जिले में पिछले कई दिनों से जारी उमस और तपती गर्मी से परेशान लोगों को आज सुबह बड़ी राहत मिली. तड़के सुबह से ही आसमान में काले बादलों ने डेरा डाल लिया और देखते ही देखते झमाझम बारिश शुरू हो गई. इस बारिश से न सिर्फ मौसम सुहाना हो गया है, बल्कि पिछले कई दिनों से रिकॉर्ड तोड़ रहे तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है.

किसानों के चेहरे खिले, धान के बिचड़े के लिए ‘अमृत’ है यह बारिश

यह बारिश आम लोगों के साथ-साथ जिले के अन्नदाताओं के लिए बड़ी सौगात लेकर आई है. खरीफ सीजन की शुरुआत के साथ ही किसान धान के बिचड़े (नर्सरी) डालने की तैयारी में जुटे थे, लेकिन पानी की कमी और तेज धूप के कारण उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था.

थावे के किसान रामपुकार सिंह ने बताया कि यह बारिश हमारे लिए किसी संजीवनी बूटी से कम नहीं है. धान के बिचड़े डालने के लिए खेतों में नमी और पानी की सख्त जरूरत थी. इस बरसात ने हमारा डीजल का खर्च बचा लिया और अब बिचड़े तेजी से तैयार होंगे.


कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, जून के इस महीने में हुई बारिश धान की नर्सरी के लिए बेहद फायदेमंद है. इससे बिचड़ों का विकास अच्छा होगा, जिससे आने वाले समय में धान की रोपनी समय पर हो सकेगी.

तापमान में भारी गिरावट, उमस से मिली मुक्ति

पिछले एक हफ्ते से गोपालगंज का पारा 40 डिग्री के पार चल रहा था, जिससे जनजीवन बेहाल था। आज सुबह हुई तेज बारिश के बाद तापमान में 5 से 7 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है. ठंडी हवाओं के चलने से लोगों को कूलर और एसी से राहत मिली है और लोग मौसम का लुत्फ उठाने घरों से बाहर निकल रहे हैं.

जलजमाव से थोड़ी परेशानी, पर राहत के आगे सब फीका

सुबह की तेज बारिश के कारण शहर के कुछ निचले इलाकों और मुख्य सड़कों पर हल्का जलजमाव देखने को मिला है, जिससे राहगीरों को थोड़ी परेशानी जरूर हुई. हालांकि, लंबे समय के बाद मिली इस ठंडी राहत के आगे लोग इस छोटी-मोटी परेशानी को भूलकर मौसम का आनंद लेते नजर आए. मौसम विभाग की मानें तो अगले 24 से 48 घंटों तक जिले में मानसून की सक्रियता बनी रहेगी और रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रहेगा.

Also Read: बिहार में खुल सकता है गूगल का ग्लोबल सेंटर, सीएम सम्राट ने दिया ऑफर, बदल सकती है युवाओं की किस्मत

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vivek Ranjan

विवेक रंजन पाण्डेय पिछले 8 वर्षों से टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं. उन्होंने Aryabhatta Knowledge University, Patna से BJMC की पढ़ाई की है.

उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत Network 10 टीवी चैनल से की. इसके बाद News India, News18 Digital सहित कई राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय मीडिया संस्थानों में फील्ड रिपोर्टिंग और कंटेंट राइटिंग का अनुभव प्राप्त किया.

वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल की बिहार टीम में Content Writer के रूप में कार्यरत हैं. यहां बिहार की राजनीति, चुनाव, शिक्षा, कृषि, रोजगार, सरकारी योजनाओं, सामाजिक सरोकारों और विभिन्न जिलों की महत्वपूर्ण खबरों पर तथ्यपरक और विश्वसनीय खबरें पाठकों तक पहुंचाते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >