Gopalganj News : (मनीष राज) गोपालगंज जिले के थावे थाना क्षेत्र में जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. खेत की जुताई कराने गए एक किसान पर कथित तौर पर चाकू से हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल किसान का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है, जबकि घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है.
खेत की जुताई के दौरान हुआ विवाद
थावे थाना क्षेत्र के गोमला मठ गांव निवासी नंदजी कुमार यादव अपने खेत की जुताई कराने पहुंचे थे. इसी दौरान गांव के ही एक व्यक्ति ने संबंधित जमीन पर अपना दावा जताया. इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई.
चाकू से हमले का आरोप, किसान गंभीर रूप से घायल
घायल किसान नंदजी कुमार यादव ने आरोप लगाया कि विवाद के दौरान अशोक यादव ने उन पर चाकू से हमला कर दिया. हमले में उनके सिर पर गंभीर चोट लगी, जिसके बाद वह मौके पर ही गिर पड़े. आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल पहुंचाया.
डॉक्टर बोले- खतरे से बाहर है घायल
सदर अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार घायल किसान की हालत फिलहाल स्थिर है और वह खतरे से बाहर हैं. डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है.
पहले से चल रहा था भूमि विवाद
ग्रामीणों के मुताबिक दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर पहले से विवाद चला आ रहा था. पंचायत स्तर पर कई बार समझौते का प्रयास भी किया गया, लेकिन विवाद का समाधान नहीं निकल सका. इसी विवाद ने अब हिंसक रूप ले लिया.
आवेदन मिलने पर होगी कानूनी कार्रवाई
थावे थाना पुलिस ने बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.
Also Read : मुहर्रम जुलूस देखने कट्टे के साथ पहुंचे दो नाबालिग, बेगूसराय पुलिस ने हिरासत में लिया
