Gopalganj News (मनीष राज) : गोपालगंज से बड़ी खबर है, जहां कोर्ट के आदेश पर शराबबंदी कानून के तहत प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हजारों लीटर अवैध शराब का विनष्टीकरण किया है. यह पूरी कार्रवाई जिले के बलथरी चेकपोस्ट पर कड़ी सुरक्षा और प्रशासनिक निगरानी में संपन्न हुई. जानकारी के मुताबिक, पुलिस थाना के 35 मामलों में जब्त 3379.105 लीटर देसी और विदेशी शराब को जेसीबी मशीन से नष्ट किया गया.वहीं उत्पाद (एक्साइज) थाना के 55 मामलों में जब्त 1609.380 लीटर शराब का भी विनष्टीकरण किया गया. इस तरह कुल 90 मामलों में जब्त 4988.485 लीटर शराब को नष्ट कर दिया गया. अगर बिहार में औसत बाजार कीमत के अनुसार आकलन किया जाए, तो देसी और विदेशी शराब की इस खेप की कीमत करीब 1.5 से 2 करोड़ रुपये के बीच आंकी जा रही है. प्रशासन के मुताबिक, इतनी बड़ी मात्रा में शराब का एक साथ विनष्टीकरण अवैध कारोबारियों के लिए कड़ा संदेश है.इस मौके पर उत्पाद अधीक्षक अमृतेश कुमार, मजिस्ट्रेट, थाना अध्यक्ष और उत्पाद विभाग की टीम मौजूद रही. पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से पूरा किया गया और हर चरण की निगरानी की गई.
अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रखने की घोषणा
उत्पाद अधीक्षक अमृतेश कुमार ने स्पष्ट किया कि बिहार में लागू शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू किया जा रहा है और अवैध शराब के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा. साथ ही आम लोगों से भी अपील की गई है कि वे शराब के अवैध कारोबार की सूचना प्रशासन को दें. प्रशासन का मानना है कि इस तरह की कार्रवाई से जिले में अवैध शराब के नेटवर्क पर प्रभावी रोक लगेगी और कानून का पालन और मजबूत होगा.
Also Read : Siwan News : विश्व पर्यावरण दिवस पर सीवान जंक्शन में चला स्वच्छता अभियान
