गोपालगंज के 23 पीएम श्री स्कूलों का केंद्रीय निरीक्षण, शिक्षा विभाग में मचा हड़कंप, अधिकारी अलर्ट

Gopalganj News: गोपालगंज में 12 और 13 जून को केंद्रीय टीम गोपालगंज के 23 पीएम श्री विद्यालयों का निरीक्षण करेगी. शिक्षा की गुणवत्ता, स्मार्ट क्लास, लैब, छात्रों की सीखने की क्षमता और बुनियादी सुविधाओं की गहन जांच होगी.

Gopalganj News: (विकास दुबे) गोपालगंज जिले की शिक्षा व्यवस्था और पीएम श्री योजना के तहत चल रहे सुधार कार्यों की जमीनी हकीकत परखने के लिए केंद्रीय टीम 12 एवं 13 जून को गोपालगंज के 23 पीएम श्री विद्यालयों का विशेष निरीक्षण करेगी. टीम के दौरे को लेकर शिक्षा विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में है और हर स्तर पर तैयारियों की अंतिम समीक्षा की जा रही है, ताकि किसी भी तरह की कमी सामने न आए.

सूत्रों से जानकारी मिली है कि जिले के कुल 23 पीएम श्री विद्यालयों में से गोपालगंज अनुमंडल के 13 और हथुआ अनुमंडल के 10 विद्यालयों में अलग-अलग केंद्रीय टीमें जांच करेंगी. निरीक्षण के दौरान टीम विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता, बच्चों की उपस्थिति, कक्षा संचालन की स्थिति और विद्यालयों में उपलब्ध सभी संसाधनों का बारीकी से मूल्यांकन करेगी. विभागीय स्तर पर यह माना जा रहा है कि यह निरीक्षण स्कूलों की वास्तविक स्थिति का पूरा आकलन सामने रखेगा.

पढ़ाई की गुणवत्ता और बच्चों की सीखने की क्षमता पर रहेगा विशेष फोकस

केंद्रीय टीम का सबसे महत्वपूर्ण फोकस बच्चों की पढ़ाई और उनकी शैक्षणिक दक्षता पर रहेगा. टीम यह जांच करेगी कि विद्यालयों में नियमित रूप से कक्षाएं संचालित हो रही हैं या नहीं, शिक्षक समय पर विद्यालय पहुंचकर अध्यापन कार्य कर रहे हैं या नहीं और बच्चों की उपस्थिति का वास्तविक स्तर क्या है. इसके साथ ही टीम कक्षा में सीधे बच्चों से संवाद कर उनकी पढ़ने, लिखने, समझने और विषयगत ज्ञान की क्षमता का गहराई से मूल्यांकन करेगी. इसके अलावा शिक्षकों की शिक्षण पद्धति, कक्षा में उनकी सक्रियता, पाठ्यक्रम के अनुसार पढ़ाई की प्रगति और बच्चों की सहभागिता पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा. शिक्षा विभाग का कहना है कि इस बार निरीक्षण में कागजी रिपोर्ट से अधिक जमीनी हकीकत और बच्चों के सीखने के परिणामों को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि वास्तविक सुधार की दिशा तय की जा सके.

स्मार्ट क्लास, लैब और बुनियादी सुविधाओं की होगी गहन जांच

निरीक्षण के दौरान पीएम श्री योजना के तहत विद्यालयों में उपलब्ध कराई गई सभी सुविधाओं की विस्तृत जांच की जाएगी. इसमें स्मार्ट क्लास रूम, डिजिटल शिक्षण सामग्री, कंप्यूटर लैब, विज्ञान प्रयोगशाला, पुस्तकालय, खेल सामग्री, पेयजल सुविधा, शौचालय व्यवस्था और समग्र स्वच्छता व्यवस्था शामिल है. टीम यह भी देखेगी कि इन सुविधाओं का उपयोग छात्रों की पढ़ाई में वास्तविक रूप से हो रहा है या नहीं, या फिर ये केवल औपचारिकता बनकर रह गई हैं. इसके साथ ही विद्यालयों में चल रही सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों जैसे खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रम, बाल संसद, स्वच्छता अभियान और नवाचार आधारित शिक्षण गतिविधियों की भी विस्तार से समीक्षा की जाएगी. निरीक्षण के दौरान पाई जाने वाली कमियों को रिपोर्ट में दर्ज किया जाएगा, जिसके आधार पर आगे सुधारात्मक कदम तय होंगे.

गोपालगंज और हथुआ अनुमंडल के लिए अलग-अलग निरीक्षण टीमें है गठित

जिले में निरीक्षण कार्य को व्यवस्थित ढंग से पूरा करने के लिए गोपालगंज और हथुआ अनुमंडल के लिए अलग-अलग केंद्रीय निरीक्षण टीमें गठित की गई हैं. ये टीमें तय कार्यक्रम के तहत एक-एक विद्यालय का दौरा करेंगी और हर पहलू की विस्तृत रिपोर्ट तैयार करेंगी. निरीक्षण रिपोर्ट को बाद में राज्य मुख्यालय और केंद्र सरकार को भेजा जाएगा, जिसके आधार पर आगे की उच्च स्तरीय समीक्षा की जाएगी.

शिक्षा विभाग सतर्क, स्कूलों को नियमित संचालन के निर्देश

केंद्रीय टीम के आगमन को देखते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी योगेश कुमार ने सभी पीएम श्री विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि 12 व 13 जून को सभी विद्यालय नियमित रूप से खुले रहेंगे और पठन-पाठन पूरी तरह सुचारू रूप से जारी रहेगा. किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी गतिविधियों की लगातार निगरानी की जा रही है.

शिक्षा विभाग का मानना है कि यह निरीक्षण जिले की शिक्षा व्यवस्था की वास्तविक स्थिति को सामने लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा. इससे यह भी स्पष्ट होगा कि पीएम श्री योजना के तहत विद्यालयों में किए गए सुधार कार्यों का लाभ वास्तव में छात्रों तक पहुंच रहा है या नहीं। जिन विद्यालयों में कमियां पाई जाएंगी, वहां सुधार के लिए ठोस कदम तय किए जाएंगे, ताकि सभी पीएम श्री विद्यालयों को आदर्श और मॉडल स्कूल के रूप में विकसित किया जा सके.

Also Read: गोपालगंज: उचकागांव में जलजमाव के कारण टूटकर जर्जर हुई अंडरपास की पीसीसी सड़क, हादसों को दे रहा न्योता

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vivek Ranjan

विवेक रंजन पाण्डेय मुख्यधारा की पत्रकारिता में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले पत्रकार और लेखक हैं. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल (Prabhat Khabar Digital) में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. राष्ट्रीय राजनीति और बिहार की राजनीति पर उनकी लेखनी विशेष रूप से पहचान रखती है.

वर्तमान में वह बिहार के विभिन्न जिलों से जुड़ी खबरों के साथ-साथ राज्य स्तरीय मुद्दों पर भी नियमित रूप से समाचार, विश्लेषण और समसामयिक विषयों पर लेख प्रकाशित कर रहे हैं. स्थानीय घटनाक्रम को व्यापक संदर्भ में प्रस्तुत करना और महत्वपूर्ण मुद्दों को तथ्यपरक एवं सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाना उनकी पत्रकारिता की प्रमुख विशेषता है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >