गोपालगंज में बहन के घर से लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत, दो भांजियां गंभीर रूप से घायल

Gopalganj News: तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक में मारी टक्कर, मौके पर गई युवक की जान, दो भांजियां गंभीर रूप से घायल

Gopalganj News: (गौतम प्रसाद) विजयीपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार उसकी दो भांजियां गंभीर रूप से घायल हो गईं. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए देवरिया रेफर कर दिया गया.

बताया जाता है कि थाना क्षेत्र के घाट बंधौरा पंचायत के छितौना टोला निवासी हबीब अंसारी के पुत्र वाकिफ अंसारी अपनी दो भांजियों आलिजा खातून और आसिफा खातून के साथ उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के बघौचघाट थाना क्षेत्र स्थित रामनगर गांव में अपनी बहन के घर से वापस लौट रहे थे. इसी दौरान मझवलिया-विजयीपुर मुख्य मार्ग पर मठिया गांव के समीप सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी.

टक्कर इतनी भीषण कि उड़ गए बाइक के परखच्चे

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए. धमाके जैसी आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े. हादसे में बाइक चालक वाकिफ अंसारी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दोनों किशोरियां सड़क पर दूर जा गिरीं.

अस्पताल पहुंचते ही युवक को किया मृत घोषित

स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल-112 एवं विजयीपुर थाना पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विजयीपुर पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने वाकिफ अंसारी को मृत घोषित कर दिया. वहीं आलिजा खातून और आसिफा खातून की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद देवरिया मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया.

घर में मचा कोहराम, गांव में पसरा मातम

घटना की खबर मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में भी शोक का माहौल व्याप्त है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज भेज दिया है तथा दुर्घटना में शामिल पिकअप वाहन की पहचान कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है.

एक पल में उजड़ गई खुशियां

अपनी बहन के घर से लौट रहे वाकिफ अंसारी को शायद यह अंदाजा भी नहीं था कि घर पहुंचने से पहले ही उनकी जिंदगी की राह थम जाएगी. इस हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं, जबकि दो मासूम भांजियां जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही हैं. सड़क दुर्घटना की इस दर्दनाक घटना से दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है.

Also Read : भगवतपुर सहयोग शिविर का स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार और विधायक ने किया उद्घाटन, लाभुकों को दी गई बैट्री चालित ट्राई साइकिल

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vivek Pandey

विवेक रंजन पांडेय का जन्म और पालन-पोषण बिहार के गौरवशाली इतिहास और ज्ञान की भूमि नालंदा में हुआ. इसी पावन धरती के संस्कारों ने उन्हें समाज और व्यवस्था को गहराई से देखने का नजरिया दिया. पत्रकारिता के प्रति अपने जुनून को करियर बदलने के लिए उन्होंने पटना के आर्यभट्ट विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की डिग्री हासिल की. पिछले 7 वर्षों से टीवी चैनल के जरिए रिपोर्टिंग फील्ड में लगातार सक्रिय हैं. Network 10 National News Channel से करियर की शुरुआत की. उसके बाद कई संस्थानों में काम किया. शिक्षा और राजनीति के साथ कृषि, महिला सुरक्षा से जुड़े मुद्दे पर विशेष रूचि रखते हैं. पत्रकारिता की बारीकियों को सीखा और ग्राउंड जीरो पर रहकर जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया. वर्तमान में Prabhat Khabar के माध्यम से बिहार की खबरों को एक नया आयाम दे रहे हैं. वे बिहार की राजनीति के साथ-साथ देश की सियासी हलचलों पर भी पैनी नजर रखते हैं. अपने शानदार करियर में उन्होंने ​बिहार के वर्तमान मुख्यमंत्री जब वह उप मुख्यमंत्री थे तब इंटरव्यू किया. इसके साथ कैबिनेट के अधिकांश प्रमुख मंत्रियों का विशेष इंटरव्यू किया है. ​बिहार के शीर्ष नेताओं और नौकरशाहों को बहुत करीब से देखा, समझा और उनकी नीतियों का निष्पक्ष विश्लेषण किया. ​जटिल राजनीतिक घटनाक्रमों को बेहद सरल भाषा में जनता के सामने पेश किया है.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >