Sanitation Workers: नगर परिषद के चंद्रवंश गिरी उर्फ टूना गिरी सभागार में सभापति हरेंद्र कुमार चौधरी की अध्यक्षता में नगर परिषद बोर्ड की बैठक आयोजित की गयी. बैठक में सफाई व्यवस्था, सफाई कर्मियों की समस्याओं और शहर में चल रही विकास योजनाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिये गये.
सफाई कर्मियों को परिचय पत्र और यूनिफॉर्म देने की मंजूरी
बैठक में दैनिक मजदूरी पर कार्यरत सफाई कर्मियों ने उन्हें स्थायी करने और आउटसोर्स व्यवस्था समाप्त करने की मांग उठायी. इस पर बोर्ड ने स्पष्ट किया कि स्थायी नियुक्ति और आउटसोर्स व्यवस्था समाप्त करने का निर्णय राज्य सरकार के अधिकार क्षेत्र का विषय है. इसलिए नगर परिषद स्तर पर इस संबंध में निर्णय नहीं लिया जा सकता.
हालांकि, सफाई कर्मियों को परिचय पत्र और यूनिफॉर्म उपलब्ध कराने की मांग को बोर्ड ने मंजूरी दे दी. वहीं मजदूरी बढ़ाने की मांग पर पांच सदस्यीय समिति गठित की गयी है. समिति सीवान नगर परिषद में सफाई कर्मियों को दिये जा रहे पारिश्रमिक का अध्ययन कर एक सप्ताह के भीतर अपनी अनुशंसा देगी. इसके बाद मजदूरी बढ़ाने को लेकर निर्णय लिया जायेगा.
सफाई में लापरवाही पर कार्रवाई की मांग
बैठक में पार्षदों ने नगर परिषद की सफाई व्यवस्था पर असंतोष जताया. पार्षदों ने नालों की सफाई में तेजी लाने की मांग की. साथ ही सफाई कार्य में लापरवाही बरतने वाले सफाई जमादारों के खिलाफ कार्रवाई करने का भी अनुरोध किया.
चार वर्ष पूरे होने पर जारी होगा नगर परिषद का रिपोर्ट कार्ड
सभापति हरेंद्र कुमार चौधरी ने सदन को बताया कि आगामी 13 जनवरी को वर्तमान बोर्ड के चार वर्ष पूरे होने पर नगर परिषद का रिपोर्ट कार्ड जारी किया जायेगा. उन्होंने बताया कि तब तक शहर की सभी आवश्यक सड़कों और नालों का निर्माण कार्य पूरा कराने या कम से कम उनका टेंडर जारी कर काम शुरू कराने का लक्ष्य रखा गया है.
सभापति ने विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि यदि वे शहर की सूरत नहीं बदल पाये, तो जनता के बीच वोट मांगने नहीं जायेंगे. बैठक में दलित एवं महादलित बस्तियों में विकास कार्यों को प्राथमिकता देने का भी निर्णय लिया गया.
दो दिनों में विकास योजनाओं की सूची देने का निर्देश
सभापति हरेंद्र कुमार चौधरी ने पार्षदों से कहा कि जिन वार्डों की विकास योजनाओं का अब तक टेंडर नहीं हुआ है, उनकी सूची दो दिनों के भीतर उपलब्ध करायी जाये. इसके बाद सभी योजनाओं का प्राक्कलन तैयार कर टेंडर प्रक्रिया शुरू की जायेगी. उन्होंने कहा कि शहर के विकास को गति देने के लिए हर हाल में काम करना होगा.
बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी अजय कुमार, उपसभापति रुकसाना परवीन, पार्षद दीपक सिंह, राहुल बैठा, शीतल कुमारी गुप्ता, संजीव सिंह, राजेंद्र कुमार, दीपा कुमारी, इंद्रमणि देवी, मोहम्मद सोनू, विपुल अग्रवाल, सुनील स्वामी, श्यामलता तिवारी, मिथिलेश गुप्ता एवं स्नेहलता तिवारी समेत अन्य पार्षद मौजूद रहे.
Also Read : नेपाल की बाढ़ में ‘आपदा में अवसर’! उफनती गंडक में जान जोखिम में डालकर सिलेंडर-लकड़ी बटोर रहे लोग
