Gopalganj Love Marriage Case : गोपालगंज में आठ साल पहले नाबालिग अवस्था में प्रेमी के साथ घर छोड़ने वाली युवती पति और दो बच्चों के साथ अदालत पहुंची. कोर्ट में बयान दर्ज कराने के बाद बालिग होने की पुष्टि हुई, जिसके बाद अदालत ने उसे अपनी इच्छा से पति के साथ रहने की अनुमति दे दी.
Gopalganj News : 2019 में प्रेमी के साथ छोड़ दिया था घर
मामला जादोपुर थाना क्षेत्र के एक गांव का है. वर्ष 2019 में युवती नाबालिग अवस्था में मोतिहारी जिले के संग्रामपुर थाना क्षेत्र के बसंतपुर निवासी प्रदीप कुमार के साथ घर छोड़कर चली गई थी. काफी खोजबीन के बावजूद उसका पता नहीं चल सका.
कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुआ था अपहरण का केस
परिजनों ने पहले जादोपुर थाने में आवेदन दिया था. कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए बाद में अदालत का दरवाजा खटखटाया. कोर्ट के आदेश पर प्रदीप कुमार समेत उसके परिवार के पांच लोगों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया गया.
लुधियाना में की शादी, दो बच्चों की बनी मां
घर छोड़ने के बाद युवती ने अपने प्रेमी से विवाह कर लिया और पंजाब के लुधियाना में रहने लगी. इस दौरान दोनों के दो बच्चे भी हुए. आठ वर्षों तक उसने अपने ठिकाने की जानकारी किसी को नहीं दी.
कोर्ट में बताया- अपनी मर्जी से की थी शादी
अदालत में युवती ने बयान दिया कि उसने अपनी इच्छा से प्रेम विवाह किया था. उसने यह भी कहा कि शादी की जानकारी उसने फोन पर अपने परिजनों को दी थी, लेकिन परिवार इस रिश्ते के खिलाफ था. इसी वजह से उसने अपना पता साझा नहीं किया.
अदालत ने पति के साथ रहने की दी अनुमति
युवती के बालिग होने की पुष्टि के बाद अदालत ने उसे अपनी इच्छा के अनुसार पति के साथ रहने की अनुमति दे दी. इसके साथ ही लंबे समय से चल रहा विवाद कानूनी रूप से एक महत्वपूर्ण मोड़ पर पहुंच गया.
