गोपालगंज में चोरी की स्कॉर्पियो से चल रहा था शराब तस्करी का खेल, तीन तस्कर गिरफ्तार

Gopalganj News: गोपालगंज के गोपालपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने चोरी की स्कॉर्पियो पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर यूपी से बिहार शराब तस्करी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया. तीन तस्कर गिरफ्तार हुए हैं. पुलिस सिंडिकेट के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है.

Gopalganj News: गोपालगंज जिले के गोपालपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय शराब तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है. वाहन जांच के दौरान पुलिस ने चोरी की स्कॉर्पियो पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर शराब की तस्करी करने वाले तीन शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया. पुलिस पूरे सिंडिकेट की जांच में जुट गई है.

वाहन जांच के दौरान पुलिस के हत्थे चढ़े तस्कर

जानकारी के अनुसार, गोपालपुर थाना पुलिस विशेष अभियान के तहत लाछपुर तकियाबारी नहर पुल के पास वाहन जांच कर रही थी. इसी दौरान एक संदिग्ध स्कॉर्पियो को रुकने का इशारा किया गया. पुलिस को देखकर चालक वाहन लेकर भागने लगा.

पुलिस टीम ने पीछा कर स्कॉर्पियो को घेर लिया. तलाशी के दौरान वाहन से शराब की तेज गंध आ रही थी. जब कागजात मांगे गए तो चालक कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका.

चोरी की स्कॉर्पियो पर लगी थी फर्जी नंबर प्लेट

सघन जांच और पूछताछ में खुलासा हुआ कि तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्कॉर्पियो चोरी की थी. पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि वाहन पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर यूपी से बिहार के विभिन्न जिलों में शराब की खेप पहुंचाई जाती थी, ताकि पुलिस को भ्रमित किया जा सके.

तीन शातिर तस्कर गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है. उनकी पहचान फुलवरिया थाना क्षेत्र के पैकोली नारायण निवासी शहजाद आलम, हथुआ थाना क्षेत्र के हथुआ दक्षिण टोला निवासी फैसल रजा तथा सीवान जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र के इसमाली टोला निवासी इमाम हुसैन के रूप में हुई है.

पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि उनका संगठित गिरोह उत्तर प्रदेश से शराब लाकर बिहार के विभिन्न इलाकों में सप्लाई करता था. पकड़े जाने से बचने के लिए चोरी के वाहनों का इस्तेमाल किया जाता था.

शहजाद आलम का लंबा आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार शहजाद आलम एक कुख्यात अपराधी है. उसके खिलाफ उचकागांव, फुलवरिया और मीरगंज थानों में कई संगीन मामले दर्ज हैं. उस पर अवैध हथियार रखने, जानलेवा हमला, चोरी के सामान की खरीद-बिक्री, पुलिस हिरासत से फरार होने, सरकारी कार्य में बाधा डालने तथा उत्पाद अधिनियम के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं.

सिंडिकेट के अन्य सदस्यों की तलाश जारी

गोपालपुर थाना पुलिस अब पूरे शराब तस्करी नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है. तस्करों के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक खंगाले जा रहे हैं. गिरोह के फरार सदस्यों और शराब माफियाओं की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

इसे भी पढ़ें: वैशाली के टॉप-10 अपराधी समेत दो गिरफ्तार, देसी कारबाइन और कट्टा बरामद



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Suresh rai

Published by: Vivek Pandey

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >